राजस्थान के बाड़मेर जिले के युवाओं के बीच लोकप्रिय विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। भाटी मजदूरों की मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे।

राजस्थान के बाड़मेर जिले में मंगलवार को कलेक्ट्रेट के सामने हजारों लोग उस वक्त हैरान रह गए जब, विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने आत्मदाह की कोशिश करते हुए अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। एमएलए का यह दृश्य देखते ही अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह समर्थकों ने कपड़ों से उनके शरीर पर फैला पेट्रोल पोंछ दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी एक्शन में आए और भाटी को पकड़ते हुए भीड़ को नियंत्रित किया। बता दें कि विधायक मजदूरों की मांगों लेकर कलेक्टर के सामने विरोध जताने पहुंचे थे।
500 गाड़ियों के काफिले से पहुंचे विधायक भाटी
दरअसल, राजस्थान के शिव विधानसभा इलाके के गिरल गांव में पिछले 40 दिन से मजदूर अपनी मांगों को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। जिसका समर्थन करने के लिए विधायक रविंद सिंह भाटी अपने समर्थकों और 500 गाड़ियों के काफिले से पहुंचे हुए थे। वह कलेक्ट्रेट में प्रवेश कर कलेक्टर से मामले के बारे में बात करने जा रहे थे। लेकिन मौक पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनको रोक लिया। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। तभी विधायक भाटी ने अचानक पेट्रोल की बॉटल निकाली और अपने ऊपर छिड़क लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानिए क्यों मजदूर कर रहे हैं आंदोलन
बता दें कि यह पूरा मामला राजस्थान स्टेट माइंस एंड मिनरल्स लिमिटेड (RSMML) की गिरल में लिग्नाइट माइंस कंपनी से जुड़ा है । बताया जाता है कि कंपनी की तरफ से थुंबली समेत आसपास के इलाकों में जमीन अधिग्रहण कर कोयला खनन किया जा रहा है। कंपनी ने लोगों को वादा किया था कि वह स्थानीय लोगों को रोजगार देगी। लेकिन अब युवाओं को नौकरी से निकला जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर सैंकड़ों लोग 9 अप्रैल से धरने पर बैठे हैं। लोगों की मांग है कि उनकी मांग है कि 8 घंटे की ड्यूटी लागू की जाए और नौकरी के लिए स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाए। वेतन बढ़ाया जाए, धरने पर बैठे मजदूरों को भी सैलरी मिले और बोनस भी दिया जाए। इन्हीं मांगों का समर्थन करने के लिए विधायक पहुंचे थे।
कौन हैं विधायक रविंद्र सिंह भाटी
रवींद्र सिंह भाटी राजस्थान की बाड़मेर के युवा राजनेता हैं। जो जिले की शिव विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक हैं। भाटी उग्र भाषणों और जन आंदोलनों के समर्थन के कारण युवाओं में बेहद लोकप्रिय हैं और सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं। राजस्थान के युवा उनके काफी पसंद करते हैं। क्योंकि वह छात्र राजनीति से सियासत में आए हैं। उन्होंने जोधपुर की जय नारायण व्यास यूनिवर्सिटी (JNVU) से राजनीति में कदम रखा था। वह 2019 में JNVU के इतिहास में निर्दलीय छात्रसंघ अध्यक्ष चुने जाने वाले पहले छात्र नेता बने।
देखिए वो भयानक वीडियो


