वंदे भारत में सफर करने वालों के लिए रेलवे बडी़ खुशखबरी देने वाला है। अब रेलवे 24 कोच वाली नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन बना रहा है, जिसमें पेंट्री कार से लेकर टॉयलेट तक बदल जाएंगे।

नई दिल्ली. इंडियन रेलवे लंबी दूरी की रात की यात्रा को ज्यादा आरामदायक बनाने की तैयारी कर रहा है। 16 कोच वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के बाद अब 24 कोच वाले नए वर्जन पर काम किया जा रहा है। इसमें यात्रियों को पेंट्री कार की सुविधा मिलेगी, ताकि ट्रेन में ही खाना गर्म करके परोसा जा सके। इसके अलावा टॉयलेट की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। नए डिजाइन में बेहतर इंटीरियर पर भी काम चल रहा है। रेलवे का लक्ष्य इस ट्रेन को जून 2027 तक शुरू करने का है।

24 कोच वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन कब आएगी?

चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) को 24 कोच वाली 50 वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, नए ट्रेन सेट का डिजाइन अगले एक महीने में तैयार होने की उम्मीद है। इसके बाद इसे बनाने और शुरू करने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा। फिलहाल इसे 2027 की पहली छमाही में लाने की योजना है, जिसमें जून 2027 का लक्ष्य रखा गया है।

पेंट्री कार और ज्यादा टॉयलेट होंगे

नई ट्रेन में सबसे बड़ा बदलाव पेंट्री कार का होगा। इससे यात्रियों को सफर के दौरान खाना गर्म करके परोसने की सुविधा मिल सकेगी। मौजूदा 16 कोच वाले वंदे भारत स्लीपर डिजाइन में यह सुविधा नहीं है। 24 कोच वाले मॉडल में टॉयलेट की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। साथ ही, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अंदरूनी हिस्से यानी इंटीरियर को बेहतर बनाने की तैयारी है। हालांकि, इसका डिजाइन अभी अंतिम रूप में नहीं आया है।

मौजूदा ट्रेन में क्या-क्या सुविधाएं हैं?

  • वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को खास तौर पर रातभर की लंबी यात्रा के लिए तैयार किया गया है। मौजूदा 16 कोच वाले मॉडल में 11 एसी थ्री-टियर, चार एसी टू-टियर और एक एसी फर्स्ट क्लास कोच है। ट्रेन की डिजाइन स्पीड 160 किलोमीटर प्रति घंटा है, जबकि परीक्षण के दौरान इसे 180 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलाने की क्षमता रखी गई है।
  • इसमें आरामदायक बर्थ, ऑटोमैटिक दरवाजे, आधुनिक बायो-वैक्यूम टॉयलेट और यात्रियों की सुरक्षा के लिए कवच एंटी-कोलिजन सिस्टम जैसी सुविधाएं दी गई हैं। फर्स्ट क्लास एसी कोच में गर्म पानी के साथ शॉवर की सुविधा भी रखी गई है। हालांकि, ट्रेन की वास्तविक रफ्तार रेलवे ट्रैक की क्षमता पर भी निर्भर करेगी।

200 से ज्यादा वंदे भारत ट्रेनें शुरू करने की तैयारी

भारतीय रेलवे आने वाले समय में 200 से ज्यादा वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है। इसके लिए अलग-अलग कंपनियों और फैक्ट्रियों को ट्रेन बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। रेलवे का मकसद लंबी दूरी के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना और रात के सफर को अधिक आरामदायक बनाना है। 24 कोच वाला नया मॉडल इसी योजना का हिस्सा है। ो54 ैैी्ीी्1