बेलगावी में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के डीपफेक वीडियो से एक बुजुर्ग से 7.9 लाख की ठगी हुई। शेयर बाजार में निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर यह धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने 2 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

बेलगावी: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां ठगों ने मंत्री का डीपफेक वीडियो इस्तेमाल कर एक बुजुर्ग को 7.9 लाख रुपये का चूना लगा दिया। जालसाजों ने शेयर बाजार में निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शहर के रहने वाले 76 साल के प्रकाश गुब्बी इस ठगी का शिकार हुए हैं। इस मामले में कोल्हापुर के आदर्श आनंद और महाराष्ट्र के बुलढाणा के रहने वाले दामोदर के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, ठगों ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के डीपफेक वीडियो का इस्तेमाल कर एक विज्ञापन चलाया था। इसमें शेयर बाजार में निवेश कर कम समय में तगड़ा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया था।

प्रकाश गुब्बी ने इस विज्ञापन का लिंक क्लिक कर अपनी जानकारी भर दी थी। इसके कुछ ही देर बाद, आरोपियों ने उन्हें फोन किया और निवेश करने के लिए उकसाया।

शुरुआत में उन्होंने फोनपे के जरिए 16,500 रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद, और ज्यादा मुनाफे का लालच देकर ठगों ने उनसे RTGS के जरिए अलग-अलग किस्तों में कुल 7.9 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। पैसे लेने के बाद जालसाजों ने उनसे संपर्क तोड़ दिया। जब प्रकाश ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने कहा कि पिछला पैसा और मुनाफा वापस पाने के लिए और निवेश करना होगा। इसके बाद प्रकाश को एहसास हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।