बेंगलुरु के एक ऑटो ड्राइवर का वीडियो वायरल है, जो ड्राइवरों की नकारात्मक छवि को चुनौती देता है। उसने एक महिला सवारी को फूलों का वीडियो बनाते देख, उसे फूल तोड़कर दे दिए। इस प्यारे वीडियो को 11 लाख से ज़्यादा व्यूज़ मिले हैं।

बेंगलुरु के ऑटो ड्राइवरों के बारे में अक्सर सुनने को मिलता है कि वे बड़े अक्खड़ होते हैं और किराया भी बहुत ज्यादा मांगते हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जो इस धारणा को पूरी तरह बदल रहा है। इस वीडियो में एक ऑटो ड्राइवर अपनी महिला सवारी को फूल गिफ्ट करते हुए दिख रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

किटोली सी किट्स नाम की एक लड़की ने यह प्यारा सा वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। लड़की बेंगलुरु में ऑटो से कहीं जा रही थी। तभी उसकी नज़र एक दूसरे ऑटो के पीछे लगे ढेर सारे बैंगनी रंग के फूलों पर पड़ी। उसे वो इतने अच्छे लगे कि वह अपने फोन से उनका वीडियो बनाने लगी।

लड़की को फूल इतने पसंद आते देख, उसके ऑटो ड्राइवर ने आगे वाले ऑटो के पीछे से कुछ फूल तोड़े और उसे दे दिए। ड्राइवर का यह अचानक किया गया काम लड़की को बहुत पसंद आया और वह हैरान भी रह गई। लड़की ने वीडियो के साथ लिखा, ‘किसने कहा कि बेंगलुरु के ऑटो ड्राइवर खड़ूस होते हैं? इन अन्ना ने देखा कि मैं फूलों का वीडियो बना रही हूं, तो उन्होंने झट से वो फूल तोड़कर मुझे दे दिए। कितने प्यारे इंसान हैं।’

View post on Instagram

इस वीडियो को अब तक 11 लाख (1।1 मिलियन) से ज्यादा लोग देख चुके हैं। लोग इस पर खूब कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'ये वो बेंगलुरु है जिससे हम प्यार करते हैं'। एक और ने लिखा, 'छोटे-छोटे सरप्राइज में खुशी ढूंढने वाले अच्छे लोग'। वाकई, कभी-कभी अजनबियों से मिलने वाले ऐसे छोटे-छोटे तोहफे ही हमारा दिन बना देते हैं, है ना?