बेंगलुरु में 35 वर्षीय इंजीनियर सुषमा ने सास से खाना बनाने पर हुए झगड़े के बाद आत्महत्या कर ली। दहेज प्रताड़ना के आरोप में पति को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सास फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बेंगलुरु: बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है। यहां खाना बनाने जैसी मामूली बात पर सास-बहू के बीच हुए झगड़े के बाद एक इंजीनियर बहू ने आत्महत्या कर ली। जान देने वाली महिला की पहचान 35 साल की सुषमा के तौर पर हुई है। सुषमा की शादी 5 साल पहले पुनीत कुमार से हुई थी और उनका 4 साल का एक बेटा भी है। सुषमा पहले डेल (Dell) कंपनी में इंजीनियर के तौर पर काम करती थीं।
बताया जा रहा है कि घर में सास कल्पना और बहू सुषमा के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों पर झगड़े होते रहते थे। खासकर खाना बनाने को लेकर दोनों में खूब कहासुनी होती थी। मंगलवार शाम को भी इसी बात पर झगड़ा शुरू हुआ, जो इतना बढ़ गया कि सुषमा ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। सुषमा के परिवार वालों का आरोप है कि सास कल्पना उन्हें खाना नहीं बनाने देती थीं और रोज किसी न किसी बहाने से उन्हें परेशान करती थीं। इसी वजह से तंग आकर सुषमा ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना के बाद सुषमा के घरवालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने सुषमा के पति पर भी दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना के बाद से सास कल्पना फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एक खास अपील
आत्महत्या करने से पहले एक बार सोचें... आत्महत्या के बाद क्या होगा? क्या समस्या का हल मिल जाएगा? नहीं। अगर आप मुश्किल में हैं तो अपनों से बात करें। याद रखें कि हर मुश्किल वक्त गुजर जाता है। अगर आप या आपका कोई जानने वाला 'आत्महत्या' के बारे में सोच रहा है, तो मदद मौजूद है। कृपया यह समझें कि दुनिया में आप अकेले नहीं हैं जो समस्याओं का सामना कर रहे हैं। कभी-कभी लग सकता है कि जिंदगी बहुत मुश्किल है, लेकिन मदद हमेशा उपलब्ध है। दुनिया में ऐसी कोई समस्या नहीं है जिसका कोई समाधान न हो। अपनों से या किसी से भी बात करने से आपकी समस्या का हल जरूर निकलेगा। कृपया मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें या हेल्पलाइन पर कॉल करें: सहाय हेल्पलाइन - 080 2549 7777


