बेंगलुरु में एक युवक से मैट्रिमोनियल साइट पर मिली महिला ने शादी का झांसा देकर 35 लाख रुपये ठग लिए। उसने इन्वेस्टमेंट में मुनाफे का लालच देकर पीड़ित से लोन लेकर पैसे लगवाए। धोखाधड़ी का पता चलने पर साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

बेंगलुरु: शादी के लिए पार्टनर ढूंढना एक युवक को बहुत महंगा पड़ गया। मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर मिली एक लड़की ने उसे शादी का झांसा दिया और इन्वेस्टमेंट के नाम पर 35 लाख रुपये ठग लिए। जब तक युवक को धोखाधड़ी का पता चलता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अब इस मामले में साउथ-ईस्ट डिवीजन के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मडीवाला के रहने वाले अनिल कुमार सगीनाला ने शिकायत दर्ज कराई है। उनकी शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मैट्रिमोनियल वेबसाइट से हुई थी पहचान

अनिल कुमार शादी के लिए एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर लड़की ढूंढ रहे थे। 4 फरवरी को उन्हें वॉट्सऐप पर एक कॉल आई। कॉल करने वाली लड़की ने अपना नाम लक्ष्मी बताया और अनिल से शादी करने की इच्छा जताई। इसके बाद दोनों कुछ दिनों तक फोन पर बातें करते रहे। बातचीत के दौरान लक्ष्मी ने अनिल से कहा कि वह अपने भविष्य के लिए ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट करती है। उसने अनिल को भी क्रिप्टो/ट्रेडिंग में पैसा लगाने के लिए उकसाया और कहा कि इसमें बहुत ज्यादा मुनाफा है।

लोन लेकर लगा दिए 35 लाख रुपये!

लक्ष्मी ने अनिल से कहा, "ऑनलाइन पैसे इन्वेस्ट करो, शादी के बाद उसी पैसे से हम अपनी जिंदगी सेटल कर लेंगे।" इस पर अनिल ने कहा कि अभी नहीं, शादी के बाद देखते हैं। लेकिन लक्ष्मी लगातार उस पर पैसे लगाने का दबाव बनाती रही। आखिरकार, अनिल उसके दबाव में आ गया। लक्ष्मी ने उसे एक वेबसाइट का लिंक दिया, जिस पर अनिल ने शुरुआत में 60 हजार रुपये का निवेश किया। इसके बाद उसने अलग-अलग बैंकों से लोन लेकर धीरे-धीरे करके कुल 35 लाख रुपये लगा दिए।

जब अनिल ने मुनाफे के पैसे निकालने की कोशिश की, तो उसका अकाउंट ही डिलीट हो चुका था। उसने लक्ष्मी को फोन किया, तो उसका नंबर भी स्विच ऑफ आ रहा था। तब जाकर अनिल को अहसास हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है। इसके बाद उन्होंने पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई। साउथ-ईस्ट डिवीजन की साइबर क्राइम पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।