बेंगलुरु में पांडु नामक व्यक्ति ने स्कूटी विवाद में प्रेमिका और उसके परिवार को जला दिया। इस घटना में प्रेमिका की माँ की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य घायल हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बेंगलुरु: अपनी प्रेमिका और उसके मां-बाप को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने के सनसनीखेज मामले में एक दुखद मोड़ आया है। बुरी तरह झुलसी प्रेमिका की मां मंजम्मा की मौत हो गई है। विक्टोरिया अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन 11 मार्च को उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल प्रेमिका सुमलता और उसके पिता का इलाज अभी भी जारी है। यह पूरी घटना सोलादेवनहल्ली पुलिस स्टेशन इलाके में हुई थी। पुलिस ने आरोपी ऑटो ड्राइवर पांडु उर्फ चंदू को हिरासत में ले लिया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पांडुरंग उर्फ चंदू (32) महालक्ष्मी लेआउट का रहने वाला है। 6 मार्च की दोपहर वह अपनी प्रेमिका सुमलता (27) के घर तराबानाहल्ली पहुंचा था। वहां उसने सुमलता, उसके पिता श्रीराम (48) और मां मंजुला (43) पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस घटना में सुमलता की मां मंजुला की अब मौत हो चुकी है।

पुलिस ने बताया कि पांडुरंग ऑटो चलाता है। वहीं, सुमलता मेट्रो में काम करती थी और पिछले चार साल से पारिवारिक वजहों से अपने पहले पति से अलग रह रही थी। करीब तीन साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए सुमलता की पहचान पांडुरंग से हुई। जल्द ही दोनों में प्यार हो गया। कुछ महीने पहले दोनों ने शादी भी कर ली थी। शादी से पहले वे महालक्ष्मी लेआउट में एक किराए के घर में लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे थे। लेकिन हाल ही में दोनों के बीच घरेलू बातों पर झगड़े होने लगे थे। इससे तंग आकर सुमलता कुछ दिन पहले पांडु को छोड़कर तराबानाहल्ली में अपने मायके चली गई थी।

स्कूटी को लेकर हुआ था झगड़ा

6 मार्च को आरोपी पांडु, सुमलता के मायके पहुंचा। उसने सुमलता को दी हुई अपनी स्कूटी वापस मांगी। जब प्रेमिका और उसके परिवार वालों ने स्कूटी देने से मना किया तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर पांडु ने पेट्रोल लाकर सुमलता और उसके माता-पिता पर छिड़क दिया और आग लगा दी। आसपास के लोगों ने तुरंत तीनों को बचाया और विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मां मंजुला ने दम तोड़ दिया।

लिव-इन के बाद की थी शादी

जानकारी के मुताबिक, पांडुरंग और सुमलता पहले लिव-इन में रहते थे और पिछले साल ही उन्होंने शादी की थी। लेकिन सुमलता को हाल ही में पता चला था कि पांडु का किसी और लड़की से भी चक्कर चल रहा है। इसी वजह से करीब दो महीने पहले वह पांडु से अलग हो गई थी। यह भी बताया जा रहा है कि आरोपी पांडु की पहली पत्नी से दो बच्चे भी हैं।