यूपी के बिजनौर में एक 14 वर्षीय लड़के ने बदले की भावना से 7 वर्षीय बच्चे को मवेशियों वाला ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन लगा दिया। इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक हैरान करने वाली खबर आई है। यहां एक मामूली झगड़े का बदला लेने के लिए 14 साल के एक लड़के ने 7 साल के मासूम बच्चे की जान ले ली। उसने बच्चे को जानवरों को लगाया जाने वाला खतरनाक 'ऑक्सीटोसिन' (Oxytocin) इंजेक्शन लगा दिया। ये वही इंजेक्शन है जिसे गांवों में गाय-भैंसों से ज्यादा दूध निकालने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इंजेक्शन लगने के बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान मेरठ के एक अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मारे गए बच्चे के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, 25 जून को उनकी 13 साल की बेटी बिजनौर के एक मदरसे से घर लौट रही थी। रास्ते में 14 साल के आरोपी लड़के ने उसके साथ छेड़छाड़ की कोशिश की। ये देखकर लड़की की मां और उसका 7 साल का भाई (मृतक) तुरंत वहां पहुंचे और उसे बचाया। इसी बात से आरोपी लड़का पूरे परिवार से दुश्मनी मान बैठा।

घर खींचकर लगाया इंजेक्शन

घरवालों को सबक सिखाने के लिए आरोपी ने 26 जून की शाम को मौका देखा। उसने 7 साल के बच्चे को अकेला पाकर जबरदस्ती अपने घर खींच लिया। वहां उसने मवेशियों के लिए रखे ऑक्सीटोसिन से भरी सिरिंज को बच्चे के शरीर में लगा दिया। परिवार वालों के अनुसार, इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद बच्चे में कोई खास लक्षण नहीं दिखे। लेकिन अगली सुबह (27 जून) से बच्चे के पूरे शरीर में तेज ऐंठन और दौरे (Body Cramps) पड़ने लगे।

घबराए घरवाले उसे पहले एक लोकल डॉक्टर के पास ले गए। जब हालत नहीं सुधरी तो उसे बिजनौर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी क्योंकि जहर पूरे शरीर में फैल चुका था। बेहतर इलाज के लिए उसे मेरठ के एक सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल में शिफ्ट किया गया, लेकिन दुर्भाग्य से शनिवार रात इलाज के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

इस घटना पर बिजनौर के सर्कल ऑफिसर (CO) अभय कुमार पांडे ने बताया, "मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है। बच्चे की मौत ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन से हुई है या कोई और वजह है, इसका पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट (Postmortem Report) आने के बाद ही चलेगा।" एक नाबालिग लड़के की इस हैवानियत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।