दार्जिलिंग में बारिश से फिसलन भरी सड़क पर एक बाइकर का वीडियो वायरल है। पीछे देखने के दौरान संतुलन बिगड़ने से उसकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। वह बाल-बाल खाई में गिरने से बचा, जिसे लोग उसका 'दूसरा जन्म' बता रहे हैं।
सोशल मीडिया पर एक बाइकर का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कुछ ही सेकंड के फासले से मौत के मुंह में जाने से बच जाता है। यह घटना पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जाने वाली सड़क की है, जहां बारिश की वजह से पूरी सड़क पर फिसलन थी। दूसरे बाइकर के हेलमेट कैमरे में रिकॉर्ड हुए इस वीडियो को देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। कई लोग इसे बाइकर का 'दूसरा जन्म' बता रहे हैं।
'बस पीछे मुड़कर ही तो देखा था...'
वीडियो में दिखता है कि एक बाइकर बारिश से भीगी और बेहद फिसलन भरी सड़क पर आगे बढ़ रहा है। पहाड़ी घुमावदार रास्ते पर विजिबिलिटी भी काफी कम है। तभी आगे चल रहा बाइकर अचानक पीछे मुड़कर देखता है। बस इसी पल उसका कंट्रोल बिगड़ जाता है और बाइक फिसलकर सड़क के दूसरी तरफ बने डिवाइडर से टकरा जाती है। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइकर का जूता हवा में उछलकर सड़क पर गिर जाता है। वीडियो में पीछे चल रहे बाइकर की चीख भी सुनाई देती है। किस्मत और फुर्ती की वजह से बाइकर की जान बच गई, वरना वो सीधा गहरी खाई में गिर सकता था। हादसे के बाद डरा-सहमा बाइकर सड़क के किनारे बैठा नजर आता है।
'यह दूसरा जन्म है'
इस घटना की सही तारीख या बाइकर की पहचान के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। यह वीडियो एक चेतावनी है कि मॉनसून में फिसलन भरी सड़कों पर बाइक चलाना कितना खतरनाक हो सकता है, खासकर दार्जिलिंग जैसे पहाड़ी इलाकों में। यहां भारी बारिश के बाद सड़कें अचानक बहुत ज्यादा फिसलनी हो जाती हैं, जिससे गाड़ी का कंट्रोल खोने का खतरा बढ़ जाता है। वीडियो पर लोग जमकर कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'भाई को दूसरा जीवन मिला है।' दूसरे ने लिखा, 'इससे बड़ी किस्मत और क्या होगी।' कई लोगों ने सुरक्षित ड्राइविंग की अहमियत पर भी जोर दिया।
