BJP Wins By-Elections: उपचुनावों में बीजेपी की जीत के बाद पीएम मोदी ने जनता का आभार जताया। नंदीग्राम, रेजीनगर और असम की नगांव सीट के नतीजों पर जानें उनका संदेश और नितिन नवीन की प्रतिक्रिया।
उपचुनाव के नतीजों ने बीजेपी के खेमे में उत्साह बढ़ा दिया है। असम से पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी तक आए चुनावी परिणामों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता का आभार जताया है। पीएम मोदी ने इस जीत को सुशासन के एजेंडे पर जनता के भरोसे का संकेत बताया। वहीं, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी इसे विकास की राजनीति की जीत करार दिया।
पीएम मोदी ने जनता के भरोसे को बताया जीत की वजह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि असम की नगांव लोकसभा सीट और पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम व रेजीनगर विधानसभा सीटों के नतीजे बीजेपी-एनडीए के सुशासन के एजेंडे के प्रति लोगों के जुड़ाव को दिखाते हैं। उन्होंने जीतने वाले बीजेपी उम्मीदवारों को बधाई दी और पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि जनता का लगातार मिल रहा आशीर्वाद उन्हें लोगों की भलाई और बेहतर भविष्य के लिए काम करने की प्रेरणा देता है।
यह भी पढ़ें: SIR पर विपक्ष के प्रदर्शन के बीच BJP की 3 घंटे की बैठक, नितिन नबीन ने बनाया कौन-सा प्लान?
रेजीनगर में बड़ी जीत, नंदीग्राम पर भी बीजेपी का दावा मजबूत
पश्चिम बंगाल की रेजीनगर विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार शंखरावह सरकार ने 1,29,914 वोट हासिल किए और 75 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की। इस नतीजे को राज्य की राजनीति में बीजेपी के लिए अहम माना जा रहा है। वहीं, नंदीग्राम सीट पर भी बीजेपी ने जीत हासिल की। यह सीट पहले ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच राजनीतिक मुकाबले के कारण देशभर में चर्चा में रही थी। असम की नगांव लोकसभा सीट पर जीत से भी पार्टी को पूर्वोत्तर में अपनी स्थिति मजबूत होने का संदेश मिला है।
पुडुचेरी में सहयोगी दल की जीत पर भी दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर जीत के लिए एनडीए के सहयोगी दल ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) को भी बधाई दी। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर लिखा, “जनता का विश्वास, विकास की विजय।” उन्होंने कहा कि इन नतीजों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और सुशासन की राजनीति के प्रति जनता के समर्थन का संकेत मिलता है। हालांकि, इन उपचुनावों के व्यापक राजनीतिक असर का आकलन स्थानीय समीकरणों और आगे के चुनावी रुझानों के साथ ही किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें : CJP Protest: प्रदर्शन रोकने के लिए दिल्ली में कैसी तैयारी? पुलिस से लेकर मेट्रो तक, जानिए पूरा प्लान
