महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में बीजेपी गठबंधन बड़ी जीत की ओर है। 29 में से 23 नगर निगमों में गठबंधन आगे है। मुंबई महानगरपालिका में 227 में से 118 सीटों पर बीजेपी-शिंदे शिवसेना गठबंधन बढ़त बनाए हुए है।
Maharashtra Municipal Election Result: महाराष्ट्र में हुए नगर निगम चुनावों में बीजेपी गठबंधन एकतरफा जीत की ओर बढ़ता दिख रहा है। शुरुआती रुझानों के मुताबिक, राज्य की 29 नगर निगमों में से 23 में बीजेपी गठबंधन को क्लियर बढ़त मिल चुकी है। वहीं, मुंबई की बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) में बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना का गठबंधन जीत की ओर बढ़ रहा है। कुल 227 सीटों में से महायुति गठबंधन 118 सीटों पर आगे चल रहा है।
मुंबई के अलावा बड़े शहरों में भी BJP गठबंधन का दबदबा
मुंबई के अलावा नागपुर, पुणे, ठाणे, नवी मुंबई, पिंपरी चिंचवाड और नासिक जैसे बड़े शहरों में भी बीजेपी गठबंधन जीत की ओर तेजी से बढ़ रहा है। बता दें कि नगर निगम चुनाव की वोट काउंटिंग शुक्रवार 16 जनवरी की सुबह 10 बजे से जारी है। राज्य में नगर निगम चुनाव के लिए 15 जनवरी को वोटिंग हुई थी। बता दें कि इस चुनाव में महाराष्ट्र के 893 वार्डों में कुल 15,931 उम्मीदवार मैदान में हैं। नगर निगमों में कुल सीटों की संख्या 2869 है।
मुंबई में बीजेपी का ऐतिहासिक प्रदर्शन
मुंबई में बीजेपी ने बड़ी राजनीतिक कामयाबी हासिल की है। 45 साल के इतिहास में पहली बार बीजेपी बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी ने मुंबई में अपना प्रभाव पूरी तरह स्थापित कर लिया है।
बीएमसी चुनाव परिणाम
बीएमसी की कुल 227 सीटों में से बीजेपी गठबंधन को 118 सीटें मिलती दिख रही हैं। इनमें बीजेपी को 90 सीट और एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 28 सीट हैं। इस तरह महायुति ने बहुमत का आंकड़ा 114 पार कर लिया है और मुंबई पूरी तरह भगवामय नजर आ रही है।
पहली बार BJP बनाएगी मुंबई का मेयर
बीएमसी चुनाव में जीत के साथ बीजेपी पहली बार मुंबई में अपना मेयर बनाने की स्थिति में पहुंच गई है। अब तक बीएमसी के इतिहास में बीजेपी का कोई भी मेयर नहीं बन पाया था। पार्टी अपने गठन के 45 साल बाद यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने जा रही है।
लातूर में कांग्रेस की जीत, चंद्रपुर में भी बढ़त
लातूर नगर निगम में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की है। कांग्रेस ने यहां कुल 70 में से 43 सीटों पर कब्जा जमाया है। वहीं, चंद्रपुर नगर निगम में भी कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है। इसके अलावा कुछ नगर निगमों में अन्य दलों का प्रभाव है, जिनमें परभणी नगर निगम में शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) आगे चल रहा है। वहीं, वसई-विरार नगर निगम में बहुजन विकास अघाड़ी (VBA) को बढ़त मिली है। मालेगांव नगर निगम में एकनाथ शिंदे की शिवसेना आगे बनी हुई है।


