केंद्रीय बजट 2026-27 में शी-मार्ट प्रस्ताव से उत्तर प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं को संगठित बाजार मिलेगा। इससे वे ऋण आधारित आजीविका से आगे बढ़कर उद्यमी बनेंगी। यह पहल योगी सरकार के महिला आत्मनिर्भरता विजन को नई ताकत देती है।

लखनऊ। केंद्रीय बजट 2026-27 ने उत्तर प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की नई राह खोल दी है। बजट में महिला उद्यमियों को मजबूत करने के लिए सेल्फ हेल्प एंटरप्रेन्योर (शी-मार्ट) स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया है, जिसे यूपी में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे ग्रामीण महिलाएं अब केवल ऋण आधारित आजीविका तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि अपने खुद के उद्यमों की मालिक बन सकेंगी। यह पहल उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस विजन को मजबूती देती है, जिसके तहत प्रदेश की तीन करोड़ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शी-मार्ट से मिलेगा महिलाओं को संगठित और भरोसेमंद बाजार

‘शी-मार्ट’ सामुदायिक स्वामित्व वाले रिटेल आउटलेट होंगे, जिन्हें क्लस्टर स्तर की फेडरेशनों के माध्यम से विकसित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों को उनके उत्पादों की बिक्री के लिए संगठित, भरोसेमंद और स्थायी मंच उपलब्ध कराना है। इसके लिए आधुनिक और नवाचारी वित्तपोषण साधनों का उपयोग किया जाएगा। केंद्र सरकार राज्य सरकारों के साथ मिलकर इस योजना को प्रभावी तरीके से जमीन पर उतारने का काम करेगी।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया बल

बजट में ‘लखपति दीदी’ योजना की सफलता को आगे बढ़ाते हुए महिलाओं को ऋण आधारित आजीविका से आगे ले जाकर उद्यमों का मालिक बनाने का स्पष्ट रोडमैप पेश किया गया है। महिला नेतृत्व वाले ग्रामीण उद्यमों को बाजार, पूंजी और नेटवर्क तीनों स्तरों पर सहयोग मिलेगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के महिला सशक्तिकरण विजन को मजबूती

यह बजट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस विजन को और मजबूती देता है, जिसके तहत आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की सबसे बड़ी मुहिम चलाई जा रही है। योगी सरकार स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने पर लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में एक वर्ष में एक करोड़ ‘लखपति दीदी’ तैयार करने की व्यापक कार्ययोजना पर तेजी से अमल हो रहा है।

शी-मार्ट से रोजगार देने वाली उद्यमी बनेंगी ग्रामीण महिलाएं

उत्तर प्रदेश में कृषि और गैर-कृषि आजीविका की संभावनाओं के अनुसार महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जा रहा है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत घर-घर संपर्क कर महिलाओं को प्रशिक्षण, त्वरित पूंजी सहायता और मार्केट सपोर्ट दिया जा रहा है। ‘शी-मार्ट’ के जरिए ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को सीधा बाजार मिलेगा और वे स्वयं के साथ-साथ दूसरों को रोजगार देने वाली उद्यमी बन सकेंगी।