Delhi Satya Niketan Building Collapses : नई दिल्ली के साउथ इलाके में स्थित सत्य निकेतन के पास रविवार को एक बहुमंजिला बिल्डिंग गिरने से भयानक हादसा हो गया। बताया जाता है कि इमारत के मलबे में 25 से 30 छात्रों के दबे होने की आशंका है। आइए चश्मदीद से जानते हैं कैसा था ये मंजर…

नई दिल्ली : साउथ-वेस्ट दिल्ली के सत्य निकेतन के पास रविवार को एक बिल्डिंग गिर गई। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, दिल्ली फायर डिपार्टमेंट को इस घटना की सूचना दोपहर करीब 1:30 बजे मिली। जानकारी मिलते ही इमरजेंसी और रेस्क्यू टीमों को मौके पर भेजा गया, ताकि हालात का जायजा लिया जा सके और खोज एवं बचाव का काम शुरू किया जा सके।

चश्मदीद ने बताया कितना भयानक था ये हादसा

  • बता दें कि मोती बाग के पास सत्य निकेतन में शिव मंदिर के करीब यह भयानक हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि इस इमारत में पीजी चल रहा था। तो कहा जा सकता है कि मलबे के नीचे कई छात्र दबे होने की आंशका है। वहीं जिस वक्त यह बिल्डिंग गिरी वहां मौके पर मौजूद एक शख्स ने यह मंजर अपनी आंखों से देखा।
  • उस चश्मदीद ने बताया कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते इसके पहले ही अचानक से देखते ही देखते यह इमरात ढह गई। बिल्डिंग के गिरते ही चारों तरफ धूल का गुब्बार फैल गया। ऐसे लग रहा था जैसे कोई बम धमाका हुआ हो और उसका धुआं फैल गया हो। हम लोगों के बचाने के लिए दौड तब तक कई लोग नीचे दब चुके थे। सिर्फ चीख-पुकार और धूल का गुब्बार दिखाई दे रहा था। युवक का कहना है कि मलबे में कम से कम 25 से 30 लोग दबे होने की आशंका है।



रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

फिलहाल, मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। इस हादसे में कोई फंसा है या कोई घायल हुआ है, इस बारे में अभी और जानकारी का इंतजार है। अधिकारी मौके पर हालात का जायजा ले रहे हैं और बिल्डिंग गिरने के मामले में जरूरी कार्रवाई कर रहे हैं। जैसे-जैसे बचाव अभियान आगे बढ़ेगा, और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

दिल्ली में 15 दिन पहले भी हुआ था ऐसा हादसा

  • बता दें कि इससे पहले एक अलग घटना में, 21 अगस्त को दिल्ली के करोल बाग इलाके में एक पुरानी इमारत की दीवार गिरने से कई लोग घायल हो गए थे। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के बाद कम से कम दो लोगों को बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दिल्ली फायर सर्विस के एक डिविजनल ऑफिसर के मुताबिक, बिल्डिंग गिरने की यह घटना प्यारेलाल रोड पर ज्वैलर्स के पास हुई थी।
  • दिल्ली फायर सर्विस के डिविजनल ऑफिसर रामगोपाल मीणा ने ANI को बताया, "हमें कॉल मिली थी कि प्यारेलाल रोड पर ज्वैलर्स के पास एक हादसा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि दो-तीन लोगों को पहले ही निकालकर जीवनमाला अस्पताल भेज दिया गया है। हम अभी और तलाशी कर रहे हैं। यहां बिल्डिंग तोड़ने का काम चल रहा था। हमें ठीक-ठीक नहीं पता कि यह बिल्डिंग कितनी पुरानी है, लेकिन यह बहुत पुरानी इमारत थी और जर्जर हालत में थी।