एक लड़की रात में कैब से दिल्ली से गुरुग्राम जा रही थी. उसका भाई उसकी सुरक्षा को लेकर परेशान था. तभी कैब ड्राइवर ने कुछ ऐसा कहा, जिसने सबका दिल जीत लिया. सोशल मीडिया पर अब ये कहानी खूब वायरल हो रही है.

दिल्ली से गुरुग्राम के लिए रात में कैब लेने वाली एक लड़की का अनुभव सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। इस कहानी में लड़की के परिवार और कैब ड्राइवर के बीच हुई बातचीत ने सबका ध्यान खींचा है। लक्ष्य मेहता नाम के एक यूजर ने यह पोस्ट एक्स (पहले ट्विटर) पर शेयर की है। हुआ यूं कि जब लड़की कैब में बैठने वाली थी, तो उसका भाई उसे बार-बार अपना ध्यान रखने और रास्ते में अपडेट देते रहने के लिए कह रहा था। लेकिन तभी कैब ड्राइवर ने जो जवाब दिया, उसने सबको हैरान कर दिया।

भाई की चिंता को देखकर कैब ड्राइवर ने उससे कहा, 'मेरी गाड़ी के बाहर मेरा नंबर और पता लिखा है, उसकी फोटो ले लीजिए। ये मेरी भी बहन है, बिल्कुल सुरक्षित हाथों में है। ये आपके भाई की ही कैब है, आप आराम से रहिए।' ड्राइवर की ये बात सुनकर लड़की ने उन्हें धन्यवाद कहा। उसने जवाब दिया, 'परिवार वाले चिंता करते हैं, शुक्रिया भैया।'

Scroll to load tweet…

ड्राइवर ने एक बार फिर लड़की के परिवार को उसकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया और कहा कि उन्हें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। सोशल मीडिया पर लोग ड्राइवर की खूब तारीफ कर रहे हैं। हालांकि, कई लोगों ने रात में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी अपनी चिंता जाहिर की। कमेंट्स में लोगों ने लिखा कि देश में ऐसा माहौल होना चाहिए जहां महिलाएं और उनके परिवार वाले बिना किसी डर के रात में सुरक्षित सफर कर सकें।