सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक में एक अवैध सोने की खदान में भूस्खलन से दर्जनों मजदूर जिंदा दफन हो गए। इस हादसे में 100 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका है। घटना की न्यायिक जांच शुरू कर दी गई है।

सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक से एक भयानक वीडियो सामने आया है, जिसमें दर्जनों खदान मजदूरों को जिंदा दफन होते देखा जा सकता है। यह हादसा कैमरून बॉर्डर के पास एक अवैध सोने की खदान में हुए भारी भूस्खलन के बाद हुआ। घटना मंगलवार दोपहर को बबुआ से करीब 50 किलोमीटर दूर ज़ाम्बोये माइनिंग साइट पर हुई। वीडियो में दिख रहा है कि ओपन-पिट खदान में अचानक जमीन धंसने लगती है। सतह पर खड़े मजदूर कुछ समझ पाते, इससे पहले ही जमीन उनके पैरों के नीचे से खिसक गई। कुछ ही सेकंड में, वे सभी मलबे के नीचे पूरी तरह से दब गए।

जमीन अचानक धंस गई, सेकंडों में मजदूरों को निगल गई

साइट पर मौजूद एक मजदूर सेड्रिक मबांगो ने इस घटना को 'विनाशकारी' बताया। वहीं, बबुआ के पब्लिक प्रॉसिक्यूटर ने कहा कि भूस्खलन की वजह कई भूमिगत सुरंगों का ढहना था, जहां मजदूर काम कर रहे थे। मामले की न्यायिक जांच शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि इस हादसे में कम से कम 100 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घायलों को बबुआ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में कम से कम चार लोग कैमरून के नागरिक थे।

Scroll to load tweet…

अवैध खदानों में भूस्खलन की घटनाएं आम हैं, क्योंकि ये सरकारी नियंत्रण से बाहर होती हैं। कैमरून के विपक्षी नेता मौरिस काम्टो ने कहा कि यह दुर्घटना "उन लोगों की अमानवीयता को दर्शाती है जो खनिजों के अवैध खनन से अमीर हो रहे हैं।"

सरकार ने गोल्ड सेक्टर में नियंत्रण मजबूत करने की घोषणा की है। इससे पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं। जून में बे-एमबारी सोने की खदान में भी ऐसा ही हादसा हुआ था। बुधवार को भी सर्च ऑपरेशन जारी रहा।