CM विष्णु देव साय बलौदा बाजार के ग्राम चांपा में मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के 80वें महाअधिवेशन में शामिल हुए। उन्होंने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, किसानों के हित और बस्तर विकास पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई तथा सामुदायिक भवन के लिए राशि की घोषणा की।

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज बलौदा बाजार जिले के ग्राम चांपा में आयोजित छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के दो दिवसीय 80वें महाअधिवेशन में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक डॉ. खूबचंद बघेल की पुण्यतिथि पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने से हुई। मुख्यमंत्री ने समाज की विभूतियों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर उनका गजमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।

मनवा कुर्मी समाज का राज्य की प्रगति में अहम योगदान: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री श्री साय ने मनवा कुर्मी समाज को परिश्रमी, संगठित और उन्नत कृषक परंपरा वाला समाज बताया। उन्होंने कहा कि समाज का योगदान छत्तीसगढ़ की प्रगति में महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने 80वें महाअधिवेशन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में मेल-मिलाप, समन्वय और सकारात्मक निर्णयों को बढ़ावा देते हैं। इसका लाभ पूरे प्रदेश और देश को मिलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा के गृह ग्राम चांपा में आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और नशामुक्ति पर जोर

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शिक्षा सशक्त और आत्मनिर्भर समाज की नींव है। उन्होंने समाज द्वारा बेटा-बेटी दोनों को शिक्षा से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की। उनका कहना था कि शिक्षित समाज ही प्रगतिशील समाज बनता है। उन्होंने महिला स्वरोजगार को बढ़ावा देने, युवाओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने और सामाजिक सुधार के प्रयासों को भी सराहनीय बताया।

पीएम मोदी की गारंटी पूरी करने के लिए प्रतिबद्ध सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास पूरे किए जा चुके हैं। इस वर्ष समर्थन मूल्य पर 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी की गई है। होली से पहले किसानों को लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की अंतर राशि प्रदान की जाएगी। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को अब तक 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है।

बस्तर में विकास और नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में अब विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री के संकल्प के अनुसार मार्च 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने के लिए सरकार दृढ़ता से कार्य कर रही है। नियद नेल्लार योजना के माध्यम से लगभग 400 गांवों में विकास कार्यों को गति दी गई है।

सामुदायिक भवन निर्माण के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम नरदहा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और बलौदा बाजार में सामुदायिक भवन हेतु 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों में राज्य में उल्लेखनीय विकास हुआ है और किसानों, महिलाओं तथा युवाओं के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं। समाज के केंद्रीय अध्यक्ष श्री खोड़स राम वर्मा ने सामाजिक सुधार से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी। कार्यक्रम में राजिम विधायक श्री रोहित साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे।