Boss Gifts BMW to Employees: ली जी पिछले 8 साल से रेस्टोरेंट में काम कर रही हैं। वो रोज इलेक्ट्रिक स्कूटर से ड्यूटी पर आती थीं। एक दिन कड़ाके की ठंड में जब वो काम पर पहुंचीं, तो ठंडी हवा से उनका चेहरा लाल हो गया था, कान नीले पड़ गए थे और हाथ सुन्न थे।

BMW Gift to Employees: सोशल मीडिया पर इन दिनों चीन की एक महिला कारोबारी की खूब तारीफ हो रही है। वजह है अपने कर्मचारियों के प्रति उनका खास लगाव और मेहनत की अनोखी कद्र। चीन के हेनान प्रांत में बीफ हॉटपॉट रेस्टोरेंट चेन चलाने वाली मा यानली ने अपने दो बेहतरीन कर्मचारियों को करीब 43-43 लाख रुपये की बीएमडब्ल्यू (BMW) कारें गिफ्ट की हैं। इस सरप्राइज गिफ्ट की कहानी लोगों का दिल जीत रही है।

कर्मचारी की हालत देखकर पसीज गया बॉस का दिल

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, मा यानली का रेस्टोरेंट जियाओज़ुओ शहर में है। उनकी कर्मचारी ली जी पिछले आठ साल से उनके साथ काम कर रही हैं। वह हर दिन इलेक्ट्रिक स्कूटर से ड्यूटी पर पहुंचती थीं। एक सुबह कड़ाके की ठंड में जब ली जी काम पर आईं, तो उनका चेहरा लाल था, कान नीले पड़ गए थे और हाथ सुन्न हो चुके थे।

यह देखकर मा यानली को काफी दुख हुआ। उन्होंने सोचा कि जब वह खुद अपनी कार में आराम से सफर करती हैं, तो उनकी मेहनती कर्मचारी को भी ऐसी सुविधा क्यों नहीं मिलनी चाहिए? इसी घटना के बाद उन्होंने कर्मचारियों को कार देने का फैसला और पक्का कर लिया।

Scroll to load tweet…

मीटिंग के बहाने शोरूम ले गईं, वहां मिला बड़ा सरप्राइज

मा यानली ने 24 सितंबर को अपने दोनों कर्मचारियों को बताया कि उन्हें एक मीटिंग में जाना है। लेकिन वह उन्हें सीधे बीएमडब्ल्यू के शोरूम ले गईं। वहां पहुंचकर कर्मचारियों को पता चला कि उनके लिए नई कारें खरीदी गई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्येक कार की कीमत करीब 3 लाख चीनी युआन यानी लगभग 43 लाख रुपये थी। मा यानली ने कारें सौंपने से करीब दो सप्ताह पहले ही उनका पूरा भुगतान कर दिया था।

कर्मचारियों को बिना किसी शर्त के मिली कार

ली जी को सफेद रंग की बीएमडब्ल्यू मिली, जबकि दूसरी कर्मचारी लियू यिंगयिंग को ग्रे रंग की कार गिफ्ट की गई। ली जी के नाम पर उसी दिन कार का पंजीकरण भी कर दिया गया। उन्हें इसके लिए कोई पैसा नहीं देना पड़ा और न ही किसी अनुबंध पर हस्ताक्षर करने पड़े।

ली जी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उन्हें इतनी महंगी कार मिलेगी। वहीं, लियू यिंगयिंग के मुताबिक, उनकी बॉस ने उनकी मेहनत और शानदार काम को इस तोहफे की वजह बताया।

कंपनी की सफलता का श्रेय कर्मचारियों को दिया

मा यानली का मानना है कि किसी भी कंपनी की तरक्की सिर्फ उसके मालिक की मेहनत से नहीं होती, बल्कि इसमें सभी कर्मचारियों का योगदान होता है। इसलिए सफलता का लाभ कर्मचारियों को भी मिलना चाहिए। वह पारंपरिक चीनी त्योहारों पर भी अपने कर्मचारियों को जरूरी सामान और नकद बोनस देती रही हैं। यही वजह है कि उनका यह कदम सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।