कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने नेशनल वर्किंग कमेटी का ऐलान किया। अभिजीत दिपके नेशनल कन्वेनर बने। पार्टी 6 महीने में देशभर में संगठन विस्तार और मेंबरशिप अभियान चलाएगी।

CJP National Working Committee: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने अपनी नेशनल वर्किंग कमेटी का ऐलान कर दिया है। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके को नेशनल कन्वेनर की जिम्मेदारी दी गई है। यह फैसला CJP की कोर टीम की दो दिन तक चली बैठक के बाद लिया गया। बैठक में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और प्रवक्ता आशुतोष रांका को को-कन्वीनर बनाया गया। इसके अलावा कई अन्य सदस्यों को भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

CJP की नई कमेटी संभालेगी संगठन विस्तार की जिम्मेदारी

CJP ने बताया कि नई नेशनल वर्किंग कमेटी पार्टी के संगठन विस्तार की रणनीति पर काम करेगी। कमेटी के सामने अगले 6 महीनों में देशभर में संगठन को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत अलग-अलग राज्यों में राज्य समन्वय समितियां बनाई जाएंगी। इसके साथ ही लोकसभा स्तर पर इकाइयां और शहर स्तर पर टीमें भी गठित की जाएंगी। पार्टी का उद्देश्य आने वाले महीनों में देश के अलग-अलग हिस्सों तक अपने संगठन का विस्तार करना है।

Scroll to load tweet…

CJP नेशनल वर्किंग कमेटी में किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी?

CJP ने अपनी नई नेशनल वर्किंग कमेटी में अलग-अलग नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी हैं।

अभिजीत दिपके (30) — संस्थापक और नेशनल कन्वेनर

सौरव दास (27) — को-कन्वेनर

आशुतोष रंका (30) — को-कन्वेनर

अजिंक्य शिंदे (35) — नेशनल ऑर्गनाइजेशन इंचार्ज

दीपक बालियान (26) — ऑर्गनाइजेशन को-इंचार्ज और नॉर्थ जोन लीड

आफरीन नवाज (34) — नेशनल सेक्रेटरी

रत्ना सिंह (31) — लीगल अफेयर्स लीड

वैष्णवी गौर (29) — रिसर्च और पॉलिसी लीड

रोहन देशपांडे (31) — टेक्नोलॉजी लीड

विजय रेड्डी मल्लंगी (30) — मीडिया लीड

योगेश इंगले (33) — फाइनेंस और वेस्ट जोन लीड

अंकित भारद्वाज (35) — ईस्ट और नॉर्थ ईस्ट जोन लीड

वेबसाइट के जरिए शुरू होगा CJP का मेंबरशिप अभियान

CJP ने कहा है कि संगठन अपनी वेबसाइट के माध्यम से मेंबरशिप अभियान शुरू करेगा। इसके तहत छात्रों, युवा प्रोफेशनल्स और कामगारों को संगठन से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि यह अभियान लोगों को एकजुट करने और उन्हें अपनी आवाज उठाने के लिए एक मंच देने के उद्देश्य से चलाया जाएगा।

CJP ने साफ किया- मेंबरशिप अभियान के तहत फंड नहीं जुटाया जाएगा

  • संगठन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मेंबरशिप अभियान के दौरान किसी तरह का फंड इकट्ठा नहीं किया जा रहा है।
  • CJP ने चुनावी राजनीति को लेकर भी अपनी स्थिति साफ की है। संगठन के मुताबिक, फिलहाल उसकी चुनावी राजनीति में उतरने की कोई तत्काल योजना नहीं है।
  • CJP के प्रवक्ता और को-कन्वेनर सौरव दास ने कहा कि इस समय एक और राजनीतिक पार्टी बनाना फायदेमंद नहीं होगा। उन्होंने कहा कि संगठन फिलहाल जमीनी स्तर पर काम करने पर ध्यान देगा।
  • सौरव दास ने PTI से कहा, "इस समय एक और राजनीतिक पार्टी बनाना फायदेमंद नहीं होगा। हम जमीनी स्तर पर काम करेंगे।"
  • उन्होंने आगे कहा, "हम अपनी वेबसाइट के जरिए मेंबरशिप ड्राइव शुरू कर रहे हैं। छात्र, युवा प्रोफेशनल और वर्कर एकजुट होकर अपनी आवाज उठाने के लिए हमसे जुड़ सकते हैं।"

झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मिलेगा CJP का प्रतिनिधिमंडल

CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने बताया कि संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मिलने जाएगा। झारखंड में भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। CJP नेशनल वर्किंग कमेटी के गठन के साथ संगठन ने अगले छह महीनों के लिए विस्तार की योजना भी सामने रखी है। वहीं, सदस्यता अभियान और जमीनी स्तर पर काम के जरिए छात्रों, युवाओं और कामगारों को संगठन से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।