CJP ने जंतर-मंतर मारपीट मामले में स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। वहीं, दिल्ली पुलिस ने राजनीतिक दखल के आरोपों से इनकार किया है।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सदस्यों ने शुक्रवार 4 सितंबर को नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में धरना दिया। संगठन के सदस्य एक वायरल वीडियो को लेकर पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इस वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज नाम के एक शख्स ने दावा किया कि उसने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी स्टूडेंट निशु आजाद के पिता संजय आजाद के साथ मारपीट की थी। खुद को हिंदुत्व इन्फ्लुएंसर बताने वाले स्वतंत्र भारद्वाज ने यह भी दावा किया कि बीजेपी के एक नेता के फोन के बाद वह जेल जाने से बच गया।
संजय आजाद को न्याय दिलाने की मांग
CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि हमारी मांग संजय आजाद को न्याय दिलाने और मामले में कार्रवाई कराने की है। संजय आजाद छात्र प्रदर्शनकारी निशु के पिता हैं। निशु कथित NEET पेपर लीक के खिलाफ 23 जून को हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल थी। इसी प्रदर्शन के दौरान संजय आजाद के घायल होने की बात सामने आई थी।
CJP ने दिल्ली पुलिस को दिया 72 घंटे का अल्टीमेटम
CJP ने X पर एक पोस्ट में कहा, स्वतंत्र भारद्वाज को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है और वह इसे गर्व के साथ अपनी पहचान की तरह दिखाते हैं। CJP ने आगे कहा कि अगर उन्हें तय 72 घंटे की समय-सीमा के भीतर गिरफ्तार नहीं किया जाता है, तो इससे दिल्ली पुलिस की ईमानदारी और कानून का पालन करने के प्रति उसकी प्रतिबद्धता पर गंभीर सवाल उठेंगे।
दिल्ली पुलिस ने राजनीतिक दखल के आरोपों को किया खारिज
वहीं, दिल्ली पुलिस ने मामले में राजनीतिक दखल के आरोपों को खारिज किया है। नई दिल्ली के DCP सचिन शर्मा ने बताया कि हाथापाई के दौरान कथित हमलावरों में से एक ने धातु का कड़ा पहन रखा था। पुलिस के अनुसार, इसी कड़े से संजय आजाद के सिर में चोट लगी थी। पुलिस ने बताया कि संजय आज़ाद को RML अस्पताल ले जाया गया था। वहां डॉक्टरों ने उनकी चोटों को "मामूली" बताया। इसके बाद पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में मामले में केस दर्ज किया गया।
सूरज कुमार और स्वतंत्र भारद्वाज से पूछताछ
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मौके से दो लोगों सूरज कुमार और स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिया गया था। बाद में दोनों को नोटिस दिए गए और उनसे पूछताछ की गई। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद सक्षम अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
निशु आजाद के पिता ने रेप की धमकियों का लगाया आरोप
स्टूडेंट एक्टिविस्ट निशु आजाद के पिता संजय सिंह ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि आजाद को रेप की धमकियां मिली हैं। संजय सिंह के मुताबिक, उन्होंने इस संबंध में दो शिकायतें दर्ज कराई हैं। उन्होंने पुलिस से SC/ST एक्ट के तहत हत्या की कोशिश का मामला दर्ज करने की भी मांग की है।
स्वतंत्र भारद्वाज का वायरल वीडियो इंटरव्यू
यह पूरा मामला स्वतंत्र भारद्वाज के एक वीडियो इंटरव्यू के वायरल होने के बाद सामने आया। इंटरव्यू में भारद्वाज ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान संजय आजाद के साथ मारपीट करने का दावा किया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद CJP के सदस्यों ने पुलिस से मामले की जांच करने और कथित मारपीट के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। CJP ने स्वतंत्र भारद्वाज का एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि उन्हें “अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है।”



