सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी के PRD जवानों के लिए बड़ा ऐलान किया है। दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 से बढ़ाकर 600 रुपये किया गया है। जवानों और परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की कैशलेस सुविधा भी मिलेगी।
उत्तर प्रदेश में प्रांतीय रक्षक दल यानी PRD के जवानों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक साथ कई बड़े ऐलान किए हैं। लंबे समय से पुलिस और प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर ड्यूटी निभाने वाले PRD स्वयंसेवकों का दैनिक ड्यूटी भत्ता बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही जवानों और उनके परिवारों को इलाज के लिए बड़ी राहत दी गई है।
गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि अब PRD स्वयंसेवकों को 600 रुपये प्रतिदिन का ड्यूटी भत्ता मिलेगा। इसके अलावा ‘मुख्यमंत्री PRD कैशलेस चिकित्सा योजना’ के तहत जवानों और उनके परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।
500 से बढ़कर 600 रुपये हुआ दैनिक भत्ता
PRD जवानों के दैनिक ड्यूटी भत्ते को 500 रुपये से बढ़ाकर अब 600 रुपये कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 तक PRD स्वयंसेवकों को केवल 250 रुपये प्रतिदिन भत्ता मिलता था। इसके बाद इसमें लगातार बढ़ोतरी की गई और अब यह राशि 600 रुपये प्रतिदिन हो गई है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले PRD जवानों को पर्याप्त ड्यूटी नहीं मिलती थी। अब उनकी भूमिका बढ़ी है और कई मौकों पर जवानों की कमी तक महसूस होती है। आपदा प्रबंधन से लेकर महाकुंभ, दीपोत्सव, यातायात व्यवस्था और चुनाव ड्यूटी तक PRD जवान पुलिस और प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: UP: थाई नागरिक के पास भारतीय पहचान का पूरा सेट! आधार से PAN तक, आखिर किसने बनवाए?
जवानों और परिवार को 5 लाख तक कैशलेस इलाज
PRD जवानों के लिए सबसे बड़ी घोषणा कैशलेस चिकित्सा योजना को लेकर हुई है। मुख्यमंत्री PRD कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत जवानों और उनके परिवार के सदस्यों को सरकारी तथा सूचीबद्ध अस्पतालों में सालाना 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी।
सरकार के मुताबिक, प्रदेश के करीब 31 हजार PRD जवानों और उनके परिवारों को मिलाकर 1.55 लाख से अधिक लोगों को इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा। ऐसे में यह फैसला केवल जवानों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके परिवारों के लिए भी स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा सहारा बन सकता है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बहुमंजिला PRD बैरक का वर्चुअली शिलान्यास भी किया।
योगी ने विपक्ष पर भी साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकारों के एजेंडे में विकास प्राथमिकता नहीं था और उनका विकास ‘सैफई सिंडिकेट’ तक सीमित था।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछली सरकारों के दौर में दंगे, गुंडागर्दी और लूट-खसोट को बढ़ावा मिला, जबकि मौजूदा सरकार गांव, गरीब, युवा, महिलाओं और जवानों के हित में काम कर रही है।
क्या है PRD और क्या करता है?
प्रांतीय रक्षक दल यानी PRD की स्थापना 1948 में हुई थी। यह उत्तर प्रदेश का एक स्वयंसेवी सुरक्षा संगठन है, जो जरूरत के मुताबिक पुलिस और प्रशासन को सहयोग देता है।
PRD स्वयंसेवकों की तैनाती कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों, यातायात प्रबंधन, चुनाव ड्यूटी, आपदा प्रबंधन और बड़े आयोजनों में की जाती है। महाकुंभ जैसे बड़े आयोजनों में भी PRD जवानों की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है।
भत्ता बढ़ाने, कैशलेस इलाज की सुविधा देने और बैरक निर्माण की घोषणा के बाद सरकार ने PRD जवानों के कल्याण और उनकी कार्यक्षमता से जुड़े कई पहलुओं को एक साथ संबोधित करने की कोशिश की है।
यह भी पढ़ें: भारत की वोटर ID के मुरीद हुए ट्रंप! अमेरिका में क्यों चाहते हैं हर वोटर के लिए ऐसा कार्ड?
