Colombia earthquake 2026: कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। पश्चिमी कोलंबिया में कम से कम 47 लोगों की मौत हुई, कई इमारतें ढह गईं और 6 एयरपोर्ट बंद किए गए। राहत-बचाव अभियान के बीच मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।
दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया सोमवार को आए एक शक्तिशाली भूकंप से दहल उठा। 7.4 तीव्रता के इस भूकंप ने पश्चिमी कोलंबिया में भारी तबाही मचाई है। कम से कम 47 लोगों की मौत की खबर है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। कई इमारतें ढह गईं और मलबे में लोगों के फंसे होने की सूचना सामने आई है। राहत और बचाव अभियान जारी है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
भूकंप का असर इतना व्यापक था कि इसके झटके पड़ोसी इक्वाडोर और पनामा के कुछ हिस्सों तक महसूस किए गए। राजधानी बोगोटा में भी लोगों ने तेज झटके महसूस किए और कई जगह लोग एहतियातन इमारतों से बाहर निकल आए।
7.4 तीव्रता का भूकंप, 107 किलोमीटर गहराई में था केंद्र
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार भूकंप का केंद्र सैन जोस डेल पालमार के पास था। यह क्षेत्र चोको में स्थित है और बोगोटा से करीब 400 किलोमीटर पश्चिम में है। भूकंप की गहराई करीब 107 किलोमीटर दर्ज की गई।
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार पेरेइरा, काली और क्विब्दो जैसे शहरों में इमारतों को नुकसान पहुंचा है। पेरेइरा के मेयर मौरिसियो सालाजार के मुताबिक अकेले इस शहर से 18 मौतों की सूचना सामने आई। वहीं चोको और वैले डेल काउका समेत कई इलाकों में नुकसान की खबर है। मैनिजालेस में एक नव-गॉथिक कैथेड्रल के टावर का हिस्सा भी ढह गया। काली में कई इमारतों के गिरने और लोगों के मलबे में फंसे होने की रिपोर्ट सामने आई है।
यह भी पढ़ें: Raksha Bandhan 2026: टिकट की टेंशन खत्म! रेलवे ने चलाईं 6 स्पेशल ट्रेनें, जानें रूट और नंबर
6 एयरपोर्ट बंद, उड़ानों पर भी पड़ा असर
भूकंप का असर केवल रिहायशी इलाकों तक सीमित नहीं रहा। कोलंबिया की सिविल एयरोनॉटिक्स एजेंसी के अनुसार पश्चिमी हिस्से के छह एयरपोर्ट क्षतिग्रस्त होने के बाद परिचालन रोक दिया गया। इनमें पेरेइरा, मैनिजालेस, क्विब्दो, आर्मेनिया, कार्टागो और बुएनावेंतुरा के एयरपोर्ट शामिल हैं। इससे प्रभावित क्षेत्रों में आवाजाही और राहत कार्यों पर भी असर पड़ सकता है।
कोलंबिया के नए राष्ट्रपति अबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला ने सैन जोस डेल पालमार में सरकार की आपातकालीन प्रतिक्रिया की कमान संभालने की बात कही है। उन्होंने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है और राहत-बचाव के लिए कार्रवाई की जा रही है।
कोलंबिया में बड़े भूकंप का पुराना इतिहास
कोलंबिया के मध्य और पश्चिमी हिस्सों में छोटे भूकंप आना सामान्य है, लेकिन 6.0 से अधिक तीव्रता वाले भूकंप अपेक्षाकृत दुर्लभ माने जाते हैं। ऐसे में 7.4 तीव्रता के ताजा भूकंप ने पूरे देश में चिंता बढ़ा दी है। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। शुरुआती झटकों के बाद आफ्टरशॉक का खतरा भी बना रहता है। फिलहाल राहत दल मलबे में फंसे लोगों को निकालने और नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। यह एक विकसित होती हुई खबर है और बचाव अभियान आगे बढ़ने के साथ मृतकों, घायलों और नुकसान से जुड़े आंकड़ों में बदलाव संभव है।
यह भी पढ़ें: यूपी में बदला मौसम का मिजाज, अचानक तेज हुआ मानसून; इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
