वंदे भारत स्लीपर में अब पालतू जानवरों के लिए 'पेट बॉक्स' उपलब्ध है। बुकिंग स्टेशन पर होती है, ऑनलाइन नहीं। कन्फर्म टिकट और जरूरी कागजात के साथ 3 घंटे पहले बुक करें। पालतू जानवर केबिन के बजाय अलग बॉक्स में रखे जाएंगे।
नई दिल्लीः वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में अब आप अपने पालतू जानवरों के लिए 'पेट बॉक्स' बुक कर सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस खास सर्विस में पालतू जानवरों के लिए एक सुरक्षित और बंद जगह दी जाती है। ये बॉक्स ट्रेन के दोनों सिरों पर लोकोमोटिव (इंजन) के पास होते हैं। हालांकि, यह सुविधा ऑनलाइन बुक नहीं की जा सकती। इसके लिए यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर ही पेट बॉक्स बुक कराना होगा। यह सुविधा पाने के लिए, यात्रियों को ट्रेन छूटने वाले स्टेशन के पार्सल या लगेज ऑफिस जाना होगा। वहां मौजूद अधिकारी आपके कुत्ते या बिल्ली के लिए पेट बॉक्स बुक कर देंगे। किसी भी तरह की देरी से बचने के लिए यह जरूरी है कि आप ट्रेन के निकलने के समय से कम से कम तीन घंटे पहले बुकिंग की प्रक्रिया पूरी कर लें।

कन्फर्म टिकट होना जरूरी
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में पेट बॉक्स बुक करने के लिए यात्री के पास कन्फर्म टिकट होना चाहिए। इस सर्विस के लिए RAC या वेटिंग लिस्ट वाले टिकट मान्य नहीं होंगे। इसके अलावा, यात्रियों को कुछ डॉक्यूमेंट्स भी जमा करने होंगे, जैसे कि हाल ही का वेटनरी फिटनेस सर्टिफिकेट (जो सफर से 24-48 घंटे के अंदर बना हो) और पालतू जानवर के वैक्सीनेशन का वैलिड रिकॉर्ड। पेट बॉक्स की कीमत जानवर के वजन के आधार पर तय की जाएगी। इसका चार्ज करीब 30 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से लगाया जाता है। पेमेंट के बाद, यात्रियों को बुकिंग कन्फर्मेशन के तौर पर एक लगेज टिकट मिलेगा।
पैसेंजर केबिन में ले जाने की इजाजत नहीं
इस सुविधा के तहत, पालतू जानवरों को ट्रेन के दोनों सिरों पर बनी एक फिक्स जगह पर रखा जाएगा। उन्हें यात्रियों के केबिन के अंदर ले जाने की इजाजत नहीं होगी। ध्यान देने वाली बात यह है कि पेट बॉक्स बुक करने का चार्ज नॉन-रिफंडेबल है, यानी यह वापस नहीं मिलेगा। साथ ही, एक PNR पर सिर्फ एक ही पालतू जानवर ले जाने की अनुमति है। इसलिए, एडवांस बुकिंग कराना बेहतर रहेगा। इसके अलावा, हो सकता है कि यह सर्विस सभी रूट्स पर उपलब्ध न हो, इसलिए यात्रियों को सफर से पहले अपने ट्रेन और रूट पर इसकी उपलब्धता कन्फर्म कर लेनी चाहिए।
