Andhra Pradesh Cyclone: पश्चिम गोदावरी जिले के नरसापुर के पास अर्नब तूफान ने दस्तक दे दी है। विशाखापत्तनम और काकीनाडा में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश जारी है। तूफान 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तट से टकराया।

Arnab Cyclone Latest News: अर्नब तूफान ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में चिंता बढ़ा दी है। तूफान के तट से टकराने के बाद तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। पश्चिम गोदावरी जिले में नरसापुर के पास लैंडफॉल होने की खबर है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 125 किलोमीटर प्रति घंटे बताई गई है। कई जगह पेड़ उखड़ने और नावों के बहने की खबरें सामने आई हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक तेज हवाओं और भारी बारिश को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।

125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से टकराया तूफान

अर्नब तूफान के तट से टकराने के बाद विशाखापत्तनम और काकीनाडा समेत कई तटीय इलाकों में मौसम बिगड़ गया है। तेज हवाओं के साथ लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पहले आशंका जताई थी कि लैंडफॉल के दौरान हवा की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। समुद्र में सामान्य से 1.5 से 2.5 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका के चलते निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।

हजारों लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया

तूफान के खतरे को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में रहने वाले हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। एहतियात के तौर पर 72 ट्रेनों और कई उड़ानों को रद्द किए जाने की जानकारी दी गई है। प्रशासन ने लोगों से समुद्र तटों और जलभराव वाले संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की अपील की है।

तूफान से पहले बंगाल की खाड़ी में भूकंप के झटके

अर्नब तूफान के तट से टकराने से पहले बंगाल की खाड़ी में भूकंप के झटके महसूस किए जाने की भी खबर है। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.52 बताई गई है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

ओडिशा में 48 हजार लोगों को सुरक्षित निकाला गया

अर्नब तूफान से निपटने के लिए ओडिशा सरकार ने व्यापक इंतजाम किए हैं। राज्य में 26 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कई अन्य ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। एहतियात के तौर पर 16 जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। सरकारी तैयारियों के तहत अब तक करीब 48,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।

1,700 से ज्यादा राहत शिविर तैयार

ओडिशा में प्रभावित लोगों की मदद के लिए 1,700 से अधिक राहत शिविर बनाए गए हैं। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने 29 तारीख तक ओडिशा तट पर मछली पकड़ने पर रोक लगाई है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे तूफान से जुड़ी अपुष्ट खबरें और अफवाहें न फैलाएं तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।