दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से 3 लोगों की मौत हो गई और 8 घायल हो गए। आग ग्राउंड फ्लोर पार्किंग में खड़े वाहनों से शुरू हुई और जहरीला धुआं ऊपरी मंजिलों तक फैल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर आग की घटना से दहल गई है। साउथ-ईस्ट दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में आज तड़के एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं।

यह हादसा मध्यम मार्ग पर 'नया तारा' अपार्टमेंट के पास गली नंबर 1 में एक छह मंजिला (ग्राउंड फ्लोर + 5 मंजिल) इमारत में हुआ। यह इलाका ओखला फायर स्टेशन के तहत आता है। फायर ब्रिगेड को सुबह करीब 2:30 बजे आग लगने की सूचना मिली।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग बिल्डिंग की ग्राउंड फ्लोर पार्किंग में खड़े वाहनों से शुरू हुई। देखते ही देखते आग ने वहां खड़ी तीन स्कूटर, दो मोटरसाइकिल और एक साइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। गाड़ियों के जलने से उठा जहरीला धुआं सीढ़ियों के रास्ते तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गया। इस वजह से अपने-अपने फ्लैट में सो रहे लोग बिल्डिंग के अंदर ही फंस गए।
बिल्डिंग एक बहुत तंग गली में थी, जिससे फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में काफी मुश्किल हुई। इसके बावजूद, दिल्ली फायर सर्विस के जवानों ने बचाव अभियान चलाया। धुएं के कारण जो लोग बाहर नहीं निकल पा रहे थे, वे छत पर भाग गए। फायर ब्रिगेड के जवानों ने छत से दो लड़कियों समेत कई लोगों को सुरक्षित बचाया। कुल मिलाकर, फायर ब्रिगेड ने 6 लोगों को सीधे बिल्डिंग से बाहर निकाला। वहीं, घायल हुए करीब 8 लोगों को एम्बुलेंस से एम्स ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।
दमकलकर्मियों ने सुबह करीब 3:45 बजे तक आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। सुबह 4 बजे तक आग बुझाने का काम पूरा हो गया। आग की वजह से बिल्डिंग की निचली तीन मंजिलों को भारी नुकसान पहुंचा है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई और वजह थी।
