Minor driving accident Delhi: दिल्ली में एक 17 साल के नाबालिग ने ऑनलाइन 16 हजार रुपये में ऑडी कार रेंट पर ली और तेज रफ्तार में तीन गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में एक राहगीर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने आरोपी लड़के को पकड़ लिया है और कार रेंट पर देने वाली कंपनी से भी पूछताछ कर रही है।
Delhi Road Accident: नई दिल्ली में तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 17 साल के एक नाबालिग ने अपने दोस्त के जन्मदिन के लिए ऑनलाइन ऐप के जरिए लग्जरी Audi कार किराए पर ली थी। आरोप है कि इसी कार से उसने तीन गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक राहगीर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोस्त के जन्मदिन के लिए 16 हजार रुपये में किराए पर ली Audi
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, नाबालिग ने एक ऑनलाइन ऐप के माध्यम से करीब 16 हजार रुपये में Audi कार किराए पर ली थी। 4 अक्टूबर की रात करीब 2:30 बजे किशनगढ़ रेड लाइट के पास सीएनजी पंप के नजदीक यह हादसा हुआ। पुलिस का कहना है कि कार तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही थी, जिसके चलते तीन वाहनों को टक्कर लगी।
हादसे में 45 साल के उमाशंकर की मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि 45 वर्षीय उमाशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ। दुर्घटना के बाद Audi कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
नाबालिग के खिलाफ केस दर्ज, कार जब्त
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने नाबालिग को पकड़कर पूछताछ की और उसे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया। इसके बाद उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया अपनाई गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त Audi कार को भी जब्त कर लिया है।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के साथ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 3/181 के तहत केस दर्ज किए जाने की बात सामने आई है।
रेंटल कंपनी की भूमिका की भी जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग को कार किराए पर कैसे मिली। जांच के दायरे में कार उपलब्ध कराने वाली कंपनी के कर्मचारी भी हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय कार में सिर्फ नाबालिग मौजूद था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी था।
घटना की परिस्थितियों को समझने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में लिए गए हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि दुर्घटना किस तरह हुई और क्या इसमें कोई अन्य पहलू भी शामिल था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
