Delhi NCR Rain: दिल्ली और गुरुग्राम में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन ठप कर दिया है. कई इलाकों में पानी भर गया है और सड़कों पर लंबा जाम लग रहा है. गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से घर से काम करने की अपील की है.

Delhi Rain Alert: दिल्ली-NCR में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन गुरुग्राम के बड़े हिस्से पानी में डूबे रहे, जिससे मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक लगभग ठप हो गया. हालात इतने खराब हुए कि गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस को लोगों के लिए एडवाइजरी जारी करनी पड़ी।

पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे घर से काम करने (Work From Home) पर विचार करें और बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलें। शहर के नरसिंहपुर, सेक्टर-18, बसई रोड, शीतला माता रोड, पालम विहार और सोहना रोड जैसे कई इलाकों में भारी जलभराव की खबर है। आलम ये था कि गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों जाम में फंसे रहे।

गुरुग्राम में सड़क धंसी, दिल्ली में 'येलो' अलर्ट

बारिश की मार सिर्फ ट्रैफिक जाम तक ही सीमित नहीं रही। दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर इफ्को चौक के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया। इसके बाद आनन-फानन में ट्रैफिक को दूसरी तरफ डायवर्ट किया गया, जिससे जाम की समस्या और बढ़ गई।

उधर, राजधानी दिल्ली में भी बारिश ने बुरा हाल कर रखा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि ज्यादातर जगहों पर मध्यम और कुछ अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

तापमान गिरा, शिकायतों का अंबार लगा

लगातार बारिश के चलते दिल्ली के तापमान में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पिछले 24 घंटों में (शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक) 15.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

इस बारिश के कारण दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का हेल्पलाइन नंबर लगातार बजता रहा. ट्रैफिक पुलिस को जाम लगने की 23, पानी भरने की 11 और पेड़ गिरने की सात शिकायतें मिलीं। इसके अलावा, दिल्ली नगर निगम (MCD) के कंट्रोल रूम में भी जलभराव की 12 शिकायतें दर्ज की गईं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो-तीन दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। मतलब साफ है, दिल्ली-NCR के लोगों को फिलहाल इस आफत से राहत मिलने की उम्मीद कम ही है।