Oxygen Cylinder Blast: दिल्ली के ओखला फेज-1 में बुधवार सुबह एक ऑक्सीजन सिलेंडर में धमाका हो गया। इस हादसे में एक शख्स की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले रविवार को विवेक विहार में भी एक LPG सिलेंडर फटने से दो लोग घायल हो गए थे।
Okhla Cylinder Blast: दिल्ली के ओखला फेज-1 इलाके में बुधवार सुबह एक कम्युनिटी हॉल के पास सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के मुताबिक, उन्हें सुबह करीब 11:55 बजे ऑक्सीजन सिलेंडर में धमाके की सूचना मिली। DFS ने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और चार लोग घायल हुए हैं। हालात को संभालने और राहत-बचाव के लिए फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। घायलों को सेंट्रलाइज्ड एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सर्विसेज (CATS) की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है।
विवेक विहार में भी हुई थी ऐसी ही घटना
ओखला की यह घटना दिल्ली के विवेक विहार में रविवार को हुए एक और सिलेंडर धमाके के बाद सामने आई है।
सीबीडी शाहदरा इलाके के विवेक विहार पुलिस स्टेशन के पीछे 'झुग्गी नंबर 11' में एक छोटा लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) सिलेंडर फट गया था। उस हादसे में 35 साल के अनिल दास और उनकी 30 साल की पत्नी खुशबू गंभीर रूप से झुलस गए थे।

