Delhi News : दिल्ली के लाजपत नगर इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दो वॉन्टेड क्रिमिनल के पैर में गोली मारकर हाफ एनकाउंटर कर दिया।
नई दिल्ली: दिल्ली के लाजपत नगर इलाके के जल विहार के पास सोमवार देर रात एक मुठभेड़ हुई। साउथ ईस्ट दिल्ली पुलिस, स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) की जॉइंट टीम के साथ हुई इस मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।

कौन हैं दिल्ली के दोनों वॉटेड क्रिमिनल?
- पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान प्रमोद कुमार उर्फ तूतान और राजेश के तौर पर हुई है। फायरिंग के दौरान दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- पुलिस ने बताया कि प्रमोद कुमार उर्फ तूतान एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ 113 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामले शामिल हैं।
पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में बिछाया जाल
- पुलिस ने बताया कि उन्हें खबर मिली थी कि दो वॉन्टेड क्रिमिनल किसी वारदात को अंजाम देने के लिए चोरी की मोटरसाइकिल पर जल विहार की तरफ आ रहे हैं।
- इस जानकारी पर पुलिस ने जाल बिछाया। 29 और 30 जून की दरमियानी रात करीब 12:15 बजे दोनों संदिग्ध मौके पर पहुंचे।
- जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो आरोपियों ने अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़ दी और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
- पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू में कर हिरासत में ले लिया।
- पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्टल, मैगजीन, एक जिंदा कारतूस और एक देसी कट्टा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की, जबकि पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई में चार राउंड गोलियां चलाईं। फिलहाल मामले की आगे की जांच चल रही है।


