Delhi Traffic Challan: BRICS समिट को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर 4,712 चालान काटे गए हैं। पुलिस ने साफ किया है कि समिट के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह सख्ती जारी रहेगी।

BRICS Summit 2026 Delhi: राजधानी दिल्ली में BRICS Summit 2026 को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। समिट के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए नॉर्दर्न रेंज ट्रैफिक पुलिस ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान खतरनाक ड्राइविंग, नो-एंट्री में प्रवेश और शराब पीकर वाहन चलाने जैसे गंभीर उल्लंघनों पर खास नजर रखी गई।

दो दिन में कटे 4,712 ट्रैफिक चालान

DCP ट्रैफिक (नॉर्दर्न रेंज) सचिन कुमार सिंघल, IPS के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत शुक्रवार और शनिवार को कुल 4,712 चालान जारी किए गए। इनमें 335 चालान खतरनाक ड्राइविंग, 308 नो-एंट्री में प्रवेश और 88 चालान शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में काटे गए।

ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि BRICS समिट के दौरान भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। खासतौर पर प्रमुख सड़कों और महत्वपूर्ण ट्रैफिक कॉरिडोर पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी और सख्ती बढ़ाई गई है।

BRICS समिट के बीच ट्रैफिक नियमों पर कड़ी नजर

दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को BRICS Summit 2026 का आयोजन होना है। ऐसे में राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर वीआईपी और विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।

पुलिस का फोकस सिर्फ यातायात को नियंत्रित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा से जुड़े गंभीर उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और यात्रा से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर लें।

नेशनल लोक अदालत की तारीख बदली

BRICS समिट को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कोर्ट और नेशनल लोक अदालत से जुड़ी तारीखों में बदलाव की जानकारी भी साझा की है। 12 सितंबर 2026 को होने वाली नेशनल लोक अदालत अब 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

इसके अलावा अदालतों में सुनवाई को लेकर भी नई तारीखें तय की गई हैं। 11 सितंबर की छुट्टी के कारण संबंधित सुनवाई 3 अक्टूबर को होगी, जबकि 12 सितंबर की छुट्टी के कारण सुनवाई 14 नवंबर को होगी। वहीं, 11 और 12 सितंबर को सूचीबद्ध मामलों की सुनवाई 14 सितंबर को होगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कोर्ट जाने से पहले अपने मामले की नई तारीख जरूर जांच लें, ताकि उन्हें बिना जरूरत यात्रा न करनी पड़े।

12-13 सितंबर को भारत मंडपम में BRICS Summit

भारत इस साल BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और 12-13 सितंबर 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में BRICS Summit की मेजबानी कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समिट की मेजबानी करेंगे। इसमें BRICS सदस्य देशों के साथ भागीदार और आमंत्रित देशों के शीर्ष नेता, विदेशी प्रतिनिधि तथा अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख शामिल होंगे। भारत की 2026 BRICS अध्यक्षता का आधिकारिक विषय “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” है। समिट को देखते हुए राजधानी के प्रमुख इलाकों को सजाया गया है और सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।