Neha Bora Released: दिल्ली पुलिस ने आइसा नेता नेहा बोरा को हिरासत से रिहा कर दिया है। वहीं सीजेपी का आरोप है कि उन्हें अभिजीत दीपके से मिलने नहीं दिया गया। पुलिस अभिजीत को कोर्ट में पेश करेगी।

Neha Bora Detained: दिल्ली में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच आइसा (AISA) नेता नेहा बोरा को पुलिस ने हिरासत से रिहा कर दिया है। दोस्तों के आरके पुरम पुलिस स्टेशन पहुंचने और उनसे मुलाकात करने के बाद पुलिस ने नेहा को छोड़ दिया। वहीं, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभिजीत दीपके को अदालत में पेश किया जाएगा। इस घटनाक्रम के बीच राजधानी में आज भी विरोध प्रदर्शन जारी रहने की संभावना है।

आरके पुरम थाने में रखी गई थीं नेहा बोरा

हिरासत में लिए जाने के बाद नेहा बोरा को आरके पुरम पुलिस स्टेशन ले जाया गया था। यहां पुलिस ने उनके एक दोस्त को उनसे मिलने की अनुमति दी। मुलाकात के बाद नेहा को रिहा कर दिया गया। हालांकि, इस मामले में सीजेपी (CJP) ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें अभिजीत दीपके से मिलने की इजाजत नहीं दी। इसको लेकर हिरासत में लिए गए लोगों तक पहुंच और मुलाकात की अनुमति पर सवाल उठाए गए हैं।

अभिजीत दीपके को कोर्ट में करेगी पुलिस पेश

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अभिजीत दीपके को अदालत में पेश किया जाएगा। उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 और 170 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल, पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है।

तिरंगा मार्च को लेकर दिल्ली में सुरक्षा सख्त

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में वामपंथी संगठन आज तिरंगा मार्च निकालने वाले हैं। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सेंट्रल सर्कल समेत कई इलाकों में भारी सुरक्षा बल तैनात किया है। पुलिस की नजर मार्च के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने पर रहेगी।