डिलीवरी के लिए निकला था… कुछ मिनट बाद सड़क पर बिखर गई जिंदगी, दिल्ली में रफ़्तार का कहर
Delhi Road Accident: दिल्ली के सुभाष नगर में तड़के 3 बजे हुए सड़क हादसे में 25 साल के डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने स्कूटर को टक्कर मारी। क्या ड्राइवर नशे में था? पुलिस जांच में जुटी है। पूरी खबर पढ़ें।

सुबह 3 बजे की टक्कर… डिलीवरी बॉय की जान गई, दिल्ली की सड़कों पर फिर तेज रफ्तार का कहर
दिल्ली की सड़कें एक बार फिर तेज रफ्तार की वजह से खून से रंग गईं। शनिवार (21 फरवरी) तड़के करीब 3 बजे वेस्ट दिल्ली के सुभाष नगर इलाके में एक 25 साल के डिलीवरी एग्जीक्यूटिव की दर्दनाक मौत हो गई। वह अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटर से ऑर्डर डिलीवर करने जा रहा था, तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार लग्जरी कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि युवक सड़क किनारे जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी जिंदगी खत्म हो चुकी थी।
सुभाष नगर मेट्रो रेड लाइट के पास हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, सुबह 3:26 बजे PCR कॉल मिली। सूचना थी कि नजफगढ़ रोड पर सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन की रेड लाइट के पास बड़ा एक्सीडेंट हुआ है। टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक बुरी तरह टूटी इलेक्ट्रिक स्कूटर और एक कार Hyundai Verna (DL-XXXX-7826) खड़ी मिली।
कौन था हेम शंकर? मेहनत कर रहा था, मौत मिल गई
मृतक की पहचान हेम शंकर (25) के रूप में हुई है। वह रघुबीर नगर का रहने वाला था और ग्रॉसरी डिलीवरी प्लेटफॉर्म Zepto से जुड़ा हुआ था। जानकारी के अनुसार, वह राजौरी गार्डन की तरफ जा रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हेम शंकर को तुरंत डीडीयू अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
‘150 की स्पीड थी’… चश्मदीदों का दावा, क्या कार चालक नशे में था?
आंखोंदेखी गवाहों का दावा है कि कार बहुत तेज रफ्तार में थी। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि ड्राइवर शायद शराब के नशे में था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर नशे की पुष्टि नहीं की है। मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
एक पेट्रोल पंप कर्मचारी ने बताया, “मैं ड्यूटी पर था, तभी जोरदार आवाज आई। कार करीब 150 की स्पीड में थी। अगर लोग शराब पीकर गाड़ी चलाएंगे तो ऐसे हादसे होते रहेंगे।”
शादी से लौट रहा था आरोपी ड्राइवर, गिरफ्तार
कार चला रहा 27 साल का मोहित कुमार, जो नजफगढ़ का रहने वाला और एमसीडी कॉन्ट्रैक्टर बताया जा रहा है, उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसकी गाड़ी जब्त कर ली है और मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।
हेम शंकर के साथ काम करने वाले डिलीवरी पार्टनर्स ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। एक साथी ने कहा, “वह बस अपना काम कर रहा था। ऑर्डर डिलीवर करने जा रहा था, तभी कार ने टक्कर मार दी। हमें इंसाफ चाहिए।”
कुछ दिन पहले भी हुआ था ऐसा ही हादसा
दिल्ली में तेज रफ्तार का यह पहला मामला नहीं है। हाल ही में द्वारका सेक्टर 11 में 23 साल के बीबीए छात्र साहिल धनशेरा की भी जान चली गई थी। वह अपनी बाइक चला रहा था, तभी एक तेज रफ्तार एसयूवी ने टक्कर मार दी। आरोप था कि गाड़ी एक नाबालिग चला रहा था। इस मामले में सोशल मीडिया पर काफी गुस्सा देखने को मिला था और परिवार ने न्याय की मांग की थी।
मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस MLC रिपोर्ट देख रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के बाद ही साफ होगा कि हादसा किस वजह से हुआ और ड्राइवर की क्या जिम्मेदारी बनती है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

