BRICS Summit 2026 की कारकेड रिहर्सल के चलते दिल्ली में 22 डायवर्जन पॉइंट और सुबह 9 से रात 10 बजे तक 35+ सड़कें प्रभावित रहेंगी। जानें Connaught Place, Dhaula Kuan, Lodhi Road और Mathura Road के ट्रैफिक डायवर्जन का पूरा प्लान।
Delhi Traffic Advisory: अगर आप आज राजधानी दिल्ली की सड़कों पर निकलने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। 11 से 13 सितंबर तक प्रगति मैदान के भारत मंडपम में होने जा रहे BRICS समिट 2026 की तैयारियों के सिलसिले में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस आज एक बड़ी कारकेड रिहर्सल कर रही है। रविवार, 6 सितंबर को सुबह 9 बजे से शुरू होकर यह रिहर्सल रात 10 बजे तक चलेगी। इस वजह से शहर के 22 प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट्स पर गाड़ियों की आवाजाही को कंट्रोल किया जाएगा और लगभग 35+ मुख्य सड़कों पर इसका सीधा असर देखने को मिलेगा।
BRICS Traffic Diversion: इन प्रमुख सड़कों पर रहेगा असर
रिहर्सल के दौरान लुटियंस दिल्ली और आसपास की कनेक्टिविटी वाली सड़कों पर आवाजाही सीमित या डायवर्ट रहेगी। ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड और मोतीलाल नेहरू मार्ग समेत कई प्रमुख सड़कें प्रभावित रहेंगी। इसके अलावा डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग और पंचशील मार्ग पर भी ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा। एडवाइजरी में कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, लाला लाजपत राय मार्ग और जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग को भी प्रभावित रूट में शामिल किया गया है।
चौराहों और गोलचक्करों पर कैसे रहेगा डायवर्जन का प्लान?
ट्रैफिक पुलिस ने शहर के हर हिस्से से आने-जाने वाले लोगों के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है:
- W-पॉइंट (मथुरा रोड): तिलक मार्ग की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। साउथ और ईस्ट दिल्ली से आने वाले ट्रैफिक को BSZ मार्ग और IP मार्ग की तरफ मोड़ा जाएगा।
- A-पॉइंट (राम चरण अग्रवाल चौक): कमर्शियल गाड़ियों को W-पॉइंट की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। नई दिल्ली और सीपी जाने वाली गाड़ियों को DDU मार्ग से निकाला जाएगा।
- मीर दर्द चौक: ट्रैफिक को महाराजा रणजीत सिंह मार्ग और DDU मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- कनॉट प्लेस और जनपथ: आउटर सर्कल से C-हेक्सागन (इंडिया गेट) की तरफ जाने वाले रास्ते बंद रहेंगे। कस्तूरबा गांधी मार्ग और जनपथ के जरिए एंट्री पर भी पाबंदियां रहेंगी। गाड़ियों को मिंटो रोड, पंचकुइयां रोड और बाराखंभा रोड की तरफ भेजा जाएगा।
- पटेल चौक और RML गोलचक्कर: संसद मार्ग और विंडसर प्लेस की तरफ रास्ता बंद रहेगा। RML गोलचक्कर पर तालकटोरा रोड और मदर टेरेसा क्रिसेंट जाने वाले ट्रैफिक को शेख मुजीबुर रहमान मार्ग और बाबा खड़क सिंह मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
- धौला कुआं और सरदार पटेल मार्ग: सरदार पटेल मार्ग पर गाड़ियों की एंट्री पर रोक रहेगी। गुड़गांव और IGI एयरपोर्ट जाने वाले लोगों को NH-48 और राव तुलाराम मार्ग इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
- रिंग रोड और भैरों मार्ग जंक्शन: भैरों मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। गाड़ियों को सराय काले खां और राजघाट की तरफ मोड़ा जाएगा।
- मंडी हाउस: फिरोज शाह रोड, भगवान दास रोड और कोपरनिकस मार्ग पर गाड़ियां नहीं चलेंगी। ट्रैफिक को सिकंदरा रोड और बाराखंभा रोड से डायवर्ट किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस की अपील: मेट्रो का इस्तेमाल करें और समय लेकर निकलें
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रिहर्सल के समय में इन प्रभावित रास्तों पर जाने से बचें। अगर निकलना बेहद जरूरी हो, तो अपनी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय हाथ में लेकर चलें। पुलिस ने लोगों को निजी वाहनों के बजाय दिल्ली मेट्रो जैसी पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। हालांकि, आपातकालीन वाहनों (जैसे एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड) को बिना किसी रुकावट के प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा।


