Delhi Traffic Advisory Sunday: CJP के रविवार को जंतर-मंतर कूच के ऐलान के बीच दिल्ली पुलिस का ट्रैफिक अलर्ट जारी हो गया है। जानें नई दिल्ली में कौन से रास्ते बंद रहेंगे।

Delhi Traffic News: दिल्ली वालों के लिए रविवार का दिन परेशानी भरा हो सकता है। अगर आप 11 अक्टूबर को छुट्टी मनाने या किसी जरूरी काम से घर से बाहर निकलने का प्लान बना रहे हैं, तो जरा रुकिए और पहले अपना रूट चेक कर लीजिए। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने एक बार फिर रविवार को जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राजधानी को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। 20 हजार से ज्यादा जवान सड़कों पर तैनात हैं और कई अहम रास्तों पर कल सुबह 6 बजे से ही ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है। जानिए किन रास्तों को डायवर्ट किया जा सकता है और कहां जाने से बचना चाहिए...

दिल्ली में सुबह 6 बजे से बदल सकता है ट्रैफिक, इन इलाकों पर नजर रखें

CJP नेता अजिंक्य शिंदे ने रविवार को जंतर-मंतर की ओर दोबारा मार्च करने की बात कही है। शनिवार को दिल्ली में करीब 3,000 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें पुलिस के मुताबिक शाम तक छोड़ दिया गया। अब रविवार को भीड़ जुटने की आशंका के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जा सकती है। ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए सुबह 6 बजे से कुछ सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है। इसका असर खास तौर पर नई दिल्ली और मध्य दिल्ली में आने-जाने वालों पर पड़ सकता है। ध्यान रहे, एडवाइजरी में इन रास्तों पर हर हाल में पूरी तरह बंदी की बात नहीं कही गई है। ट्रैफिक की स्थिति के हिसाब से बदलाव हो सकते हैं।

Scroll to load tweet…

कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास कहां ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है?

  • कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल पर चेल्म्सफोर्ड रोड, बाराखंभा रोड और संसद मार्ग से जुड़ने वाले जंक्शन।
  • पंचकुइयां और झंडेवालान गोल चक्कर।
  • मिंटो रोड और दीन दयाल उपाध्याय मार्ग का जंक्शन।
  • गुरु नानक चौक।
  • अशोक रोड और जंतर-मंतर रोड का गोल चक्कर।
  • टॉल्स्टॉय रोड और जनपथ का चौराहा।

सेंट्रल दिल्ली में रेल भवन, पटेल चौक और मंडी हाउस के आसपास भी असर

नई दिल्ली के कई प्रमुख गोल चक्करों और चौराहों पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो सकती है। इनमें विंडसर प्लेस, रेल भवन, गोल डाक खाना, पटेल चौक और आरएमएल अस्पताल के आसपास के रास्ते शामिल हैं। मंडी हाउस की तरफ जाने वालों को भी सावधानी रखनी चाहिए। मंडी हाउस गोल चक्कर, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक और भैरों रोड-रिंग रोड जंक्शन पर ट्रैफिक में बदलाव हो सकता है। अगर आपका ऑफिस, अस्पताल या कोई जरूरी काम इन इलाकों में है, तो सामान्य से ज्यादा समय लेकर निकलें। रास्ते में जाम मिलने पर आखिरी समय में जल्दबाजी करने के बजाय ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

साउथ दिल्ली और धौला कुआं जाने वाले भी रहें अलर्ट

ट्रैफिक एडवाइजरी में दक्षिण दिल्ली और नई दिल्ली की तरफ आने वाले कुछ अहम रास्तों का भी जिक्र है। इनमें शामिल हैं..

  • लोधी रोड फ्लाईओवर और नीला गुंबद गोल चक्कर।
  • मदरसा टी-पॉइंट और सम्राट होटल गोल चक्कर।
  • भीकाजी कामा प्लेस और मोती बाग फ्लाईओवर के नीचे की सड़कें।
  • धौला कुआं फ्लाईओवर।
  • सरदार पटेल मार्ग और पंचशील मार्ग का चौराहा।
  • रिंग रोड और सैन मार्टिन मार्ग का टी-पॉइंट।
  • शंकर रोड गोल चक्कर से वंदे मातरम टी-पॉइंट होकर नई दिल्ली की ओर जाने वाले रास्ते पर भी असर पड़ सकता है। इसलिए दक्षिण दिल्ली से नई दिल्ली आने या यहां से एयरपोर्ट की तरफ जाने वाले लोग निकलने से पहले अपने सफर की टाइमिंग और रूट जरूर चेक कर लें।

दिल्ली रेलवे स्टेशन, बस अड्डे या एयरपोर्ट जाना है? ये गलती न करें

रविवार को ट्रेन, बस या फ्लाइट पकड़नी है, तो घर से आखिरी समय पर न निकलें। ट्रैफिक डायवर्जन के कारण रास्ते में देरी हो सकती है। खास तौर पर नई दिल्ली और मध्य दिल्ली से गुजरने वाले यात्रियों को एक्स्ट्रा समय रखना चाहिए। घर से निकलने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ताजा एडवाइजरी और ट्रैफिक अपडेट देखें। मैप पर रास्ते की स्थिति जांचें और जरूरत पड़ने पर दूसरा रूट चुनें। स्टेशन या एयरपोर्ट पहुंचने के लिए सामान्य से ज्यादा समय लेकर निकलें।