CJP Leaders Detained: दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिए गए अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को लेकर CJP ने चिंता जताया है। आरोप है कि उन्हें किसी से मिलने नहीं दिया जा रहा।

CJP Leaders Update: दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के तीन नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को पुलिस ने फ्लाइट लैंड होते ही हिरासत में ले लिया। उन्हें विमान से उतारने के बाद अलग-अलग जगह ले जाया गया। अब सीजेपी ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके नेताओं को गुप्त स्थानों पर रखा गया है और उन्हें वकीलों से भी मिलने नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर तीनों नेता कहां हैं और हिरासत में उन्हें कहां रखा गया है?

सीजेपी नेता सुबह ही हिरासत में लिए गए

शनिवार को अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे। उनका प्लान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का था। लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान के उतरते ही पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। CJP की ओर से शेयर किए गए वीडियो में अभिजीत दीपके पुलिसकर्मियों से कहते सुनाई देते हैं कि वे गिरफ्तारी देने आए हैं और पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। इस घटना के बाद पार्टी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए और तीनों नेताओं को तुरंत रिहा करने की मांग की।

Scroll to load tweet…

सीजेपी के तीनों नेताओ को अलग-अलग ठिकानों पर ले गई पुलिस

इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि हिरासत में लेने के बाद तीनों नेताओं को एक साथ नहीं रखा गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिजीत दीपके को साउथ दिल्ली, आशुतोष रांका को द्वारका और सौरव दास को दिल्ली में एक अलग जगह ले जाया गया। CJP ने बाद में आरोप लगाया कि तीनों को किसी अज्ञात जगह पर रखा गया है और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की इजाजत को लेकर क्या हुआ?

पुलिसकर्मियों ने हिरासत में लेने से पहले CJP नेताओं से कहा था कि उन्हें जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं मिली है। इसी के बाद एयरपोर्ट पर कार्रवाई हुई। CJP ने पुलिस के इस कदम को आने-जाने की आजादी का उल्लंघन बताया और तीनों नेताओं की बिना शर्त रिहाई की मांग की।

अभिजीत दीपके की दादी का निधन

इस हाई-वोल्टेज मामले के बीच समाचार एजेंसी ANI ने दिल्ली पुलिस के सूत्रों के हवाले से बताया कि पुलिस ने दीपके को उनकी दादी के निधन की जानकारी दी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, दीपके को दिल्ली में रुककर हिरासत के दौरान प्रदर्शन जारी रखने या घर लौटकर अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने का विकल्प दिया गया था। इस पर CJP ने सवाल उठाए। पार्टी का कहना था कि दीपके के परिवार और उसके वकीलों को उनके ठिकाने की जानकारी नहीं दी गई है। पार्टी ने उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और मांग की कि परिवार और वकीलों को उनसे बात करने दी जाए।

हिरासत के बाद भी प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान

नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बावजूद सीजेपी ने अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है। हिरासत में लिए जाने से ठीक पहले रिकॉर्ड किए गए एक संदेश में अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया कि जंतर-मंतर पर अब इस प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के प्रभारी अजिंक्य शिंदे करेंगे। पार्टी ने साफ कर दिया है कि उनके नेताओं की मौजूदगी या गैर-मौजूदगी में भी देश भर में उनका विरोध प्रदर्शन तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा।