Dhar Car Accident: मध्य प्रदेश के धार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। महू-नीमच हाईवे पर टायर फटने के बाद एक कार खाई में गिर गई और उसमें आग लग गई। इस हादसे में चार युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।

धार. मध्य प्रदेश के धार जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। महू-नीमच फोरलेन पर टायर फटने की वजह से एक कार बेकाबू होकर खाई में जा गिरी और उसमें भीषण आग लग गई। पुलिस के मुताबिक, इस खौफनाक हादसे में चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई है, जबकि एक शख्स बुरी तरह झुलस गया है।

कार का बैलेंस बिगड़ और सीधे खाई में जा गिरी

  • यह हादसा रविवार, 25 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे सादलपुर थाना इलाके में हीरा ढाबा के सामने बनी एक पुलिया के पास हुआ। घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया है।
  • धार की एडिशनल एसपी (ASP) पारुल बेलापुरकर ने बताया, "कल रात करीब 11:30 बजे पांच युवक कार से महू-नीमच फोरलेन से गुजर रहे थे। हीरा ढाबा के पास पुलिया पार करते वक्त अचानक ड्राइवर साइड का टायर फट गया। इससे कार का बैलेंस बिगड़ गया और वह सीधे पुलिया के नीचे खाई में जा गिरी। गिरते ही कार में आग लग गई। हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल है।"

सांवरिया सेठ मंदिर के दर्शन करके लौट रहे थे चारों दोस्त

  • एएसपी बेलापुरकर ने आगे बताया कि ये सभी युवक सागौर इलाके के रहने वाले थे और सांवरिया सेठ मंदिर के दर्शन करके लौट रहे थे। कार में सवार पांच दोस्तों में से 20 साल का तुषार मंडलोई किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहा। वहीं, बाकी चार दोस्त— भीम धाकड़ (20), चेतन धाकड़ (20), आदित्य तिवारी (20) और अभिषेक सोलंकी (19) कार के अंदर ही फंस गए और जिंदा जलने से उनकी जान चली गई।
  • धार जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. मुकुंद बर्मन ने बताया कि हादसे में बचा इकलौता युवक करीब 35 से 40 फीसदी तक झुलस गया है। डॉ. बर्मन ने कहा, "सड़क हादसे में चार लोगों की जलकर मौत हुई है। वहीं 35-40% तक झुलसे एक अन्य घायल को आगे के इलाज के लिए इंदौर भेज दिया गया है।"

देखिए हादसे का भयानक वीडियो

Scroll to load tweet…