US Air Force Base UK: ब्रिटेन में अमेरिकी सेना द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले रॉयल एयरफोर्स (RAF) फेयरफोर्ड एयरबेस के पास विस्फोटक मिलने से हड़कंप मच गया है। खतरे को देखते हुए आसपास के लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम के तहत कई लोगों को गिरफ्तार किया है और बम निरोधक दस्ता मौके पर जांच कर रहा है।
RAF Fairford incident: ब्रिटेन में अमेरिकी वायुसेना के इस्तेमाल वाले RAF Fairford एयरबेस के पास रविवार को बड़ा सुरक्षा अभियान चलाया गया। ग्लॉस्टरशायर पुलिस ने कई लोगों को विस्फोटक कानून के तहत संदिग्ध अपराधों के मामले में गिरफ्तार किया है। इसके बाद आसपास की कुछ संपत्तियों को खाली कराया गया और लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।
RAF Fairford के पास क्या हुआ?
पुलिस ने बताया कि यह घटना एयरबेस के पास स्थित Whelford इलाके में हुई, जहां कई घरों को खाली कराया गया। स्थानीय लोगों को पास के एक मनोरंजन केंद्र में ले जाया गया। इलाके में सुरक्षा घेरा बनाया गया है और आवाजाही पर भी पाबंदी लगाई गई। पुलिस ने इसे एक ‘बड़ी घटना’ के तौर पर दर्ज किया है।
कई लोगों की गिरफ्तारी के बाद बढ़ी सुरक्षा
ग्लॉस्टरशायर पुलिस के मुताबिक, कई पुरुषों को Explosives Act के तहत संदिग्ध अपराधों के मामले में हिरासत में लिया गया है। इसके बाद ब्रिटिश सेना की विशेषज्ञ बम निरोधक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम इलाके में मौजूद कई वाहनों की जांच कर रही है।
करीब 30 आपातकालीन वाहन मौके पर
घटना के बाद इलाके में पुलिस, एंबुलेंस और दमकल विभाग समेत करीब 30 आपातकालीन वाहन देखे गए। एयरबेस के मुख्य प्रवेश मार्ग पर सशस्त्र पुलिस की तैनाती भी की गई। अधिकारियों ने इलाके में सुरक्षा घेरा बनाकर अभियान चलाया। पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि स्थिति नियंत्रण में है।
क्या एयरबेस से जुड़ा है मामला?
RAF Fairford का इस्तेमाल अमेरिकी वायुसेना करती है और यह अमेरिकी बमवर्षक विमानों के संचालन के लिए जाना जाता है। ईरान के साथ जारी युद्ध के दौरान भी अमेरिकी सैन्य अभियानों में इस बेस का इस्तेमाल हुआ है। हालांकि, ब्रिटिश पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि गिरफ्तारियों या विस्फोटक संबंधी जांच का एयरबेस से सीधा संबंध है। फिलहाल सेना की बम निरोधक टीम वाहनों और संदिग्ध वस्तुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने इलाके को घेर रखा है और जांच जारी है।
