Faridabad Crime News : हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स पर अपनी 6 महीने की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का आरोप है। 

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में एक बेहद ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 26 साल के शख्स पर अपनी छह महीने की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। मृतक के परिवार वालों ने रविवार को बताया कि घरेलू झगड़े के बाद पति ने पहले पत्नी को पीटा और फिर उसका सिर पानी से भरी बाल्टी में बार-बार डुबोया, जिससे उसकी मौत हो गई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बिहार की बीवी तो यूपी का पति

यह घटना पल्ला पुलिस स्टेशन इलाके की पंचशील कॉलोनी पार्ट-2 की है। आरोपी की पहचान अमित गुप्ता के तौर पर हुई है, जो फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मृतक महिला का नाम नेहा कुमारी था। वह बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली थीं। उनकी शादी इसी साल 30 अप्रैल 2025 को उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले अमित गुप्ता से हुई थी। शादी के बाद से दोनों पंचशील कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे।

गला दबाने मौत नहीं हुई तो पानी में डुबो दिया

नेहा के परिवार के मुताबिक, बुधवार सुबह किसी मामूली बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद अमित ने नेहा पर हमला कर दिया। परिवार का आरोप है कि उसने पहले नेहा की चुन्नी से उसका गला घोंटने की कोशिश की और फिर पानी की बाल्टी में उसका सिर डुबो-डुबोकर उसकी जान ले ली।

कुछ दिन पहले ही की थी गृह प्रवेश की पूजा

  • नेहा के जीजा ने बताया कि उन्होंने ही इस कपल के लिए किराए के मकान का इंतजाम किया था और सिर्फ एक महीने पहले ही यहां गृह प्रवेश की पूजा हुई थी।
  • उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमित छोटी-छोटी बातों पर नेहा से झगड़ा करता था और दहेज की मांग कर रहा था। उन्होंने बताया कि 6 महीने की प्रेग्नेंट नेहा अपने होने वाले बच्चे को लेकर बहुत खुश थी।

चाचा को फोन कर बोला-मैंने पत्नी को मार डाला

  • परिवार वालों के अनुसार, हत्या के बाद अमित ने बदरपुर बॉर्डर के पास अलीपुर गांव में रहने वाले अपने चाचा को फोन किया। उसने फोन पर बताया कि उसने अपनी पत्नी को मार दिया है और अब आगे क्या करना है, यह तुम लोग देख लो। इसके बाद वह घर से भाग गया।
  • परिवार ने बताया कि वे सुबह से नेहा को कई बार फोन कर रहे थे, लेकिन जब उसने फोन नहीं उठाया तो बाद में उन्हें उसकी हत्या की जानकारी मिली। जब वे घर पहुंचे, तो नेहा मृत पड़ी थी।
  • एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मृतक के रिश्तेदारों से मिली।

अब पुलिस क्या करेगी?

  • इस घटना पर पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने ANI को बताया, "सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया गया है। क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीमों को भी मौके पर बुलाया गया और सबूत इकट्ठा किए गए हैं।"
  • सिंह ने जानकारी दी कि मृतक के रिश्तेदारों की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की जाएगी, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।
  • उन्होंने आगे कहा, “शुरुआती जांच से लग रहा है कि हत्या पति ने ही की है। हम मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मृतक के रिश्तेदारों को सूचित कर दिया गया है और उनके आने के बाद उनकी शिकायत पर FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”अधिकारी ने यह भी बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।