Flydubai FZ1073 Incident: फ्लाईदुबई FZ1073 के कॉकपिट में हिंसा के बाद को-पायलट हमाम अल-हमामी की पृष्ठभूमि की जांच तेज है। ऑस्ट्रेलिया, इजराइल और UAE उसके संपर्कों और मकसद की पड़ताल कर रहे हैं।

30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 के कॉकपिट में जो हुआ, उसने विमान सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेल अवीव जा रही इस फ्लाइट में को-पायलट पर पायलट से मारपीट करने और विमान का नियंत्रण लेने की कोशिश का आरोप है। अब इस घटना की जांच सिर्फ फ्लाइट तक सीमित नहीं रही, बल्कि को-पायलट हमाम अल-हमामी की पृष्ठभूमि, उसके विदेश कनेक्शन और संभावित संपर्कों तक पहुंच गई है।

कॉकपिट में आखिर हुआ क्या था?

UAE की अगुवाई में चल रही जांच के मुताबिक, को-पायलट ने फ्लाइट में मौजूद कुल्हाड़ी का इस्तेमाल कर पायलट पर हमला किया और विमान का नियंत्रण लेने की कोशिश की। UAE के अटॉर्नी जनरल हमद सैफ अल शम्सी ने इसे कथित आतंकी घटना को अंजाम देने की कोशिश के तौर पर जांचे जाने की बात कही है। हालांकि घटना की पूरी परिस्थितियां और मकसद अभी जांच के दायरे में हैं।

यह भी पढ़ें: पति का था अवैध संबंध! पत्नी ने शक में पूछे सवाल, फिर... दिल्ली मर्डर की खौफनाक कहानी!

अब ऑस्ट्रेलिया क्यों जांच कर रहा है?

मामले में एक अहम कड़ी ऑस्ट्रेलिया से जुड़ रही है। ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (ABC) के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस की आतंकवाद रोधी टीम हमामी के ऑस्ट्रेलिया से संबंधों की जांच कर रही है। विक्टोरिया संयुक्त आतंकवाद रोधी टीम में संघीय पुलिस, विक्टोरिया पुलिस और सुरक्षा खुफिया एजेंसी के अधिकारी शामिल हैं।

2014 में मिला था छात्र वीजा

रिपोर्ट के अनुसार हमामी को 2014 में ऑस्ट्रेलिया का छात्र वीजा मिला था और उसने 2015 से 2017 के बीच वहां पढ़ाई की। बाद में वह ऑस्ट्रेलिया छोड़ गया। 2019 में उसका वीजा रद्द किया गया था। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक इसकी वजह कोई आपराधिक आचरण नहीं, बल्कि उसका किसी पाठ्यक्रम में नामांकित न होना था, जिससे वह छात्र वीजा की पात्रता पूरी नहीं करता था।

चरमपंथी वेबसाइटों से कनेक्शन की भी जांच

रिपोर्टों में दावा किया गया है कि हमामी चरमपंथी वेबसाइटें देखता था और उसके कथित आतंकी संपर्कों की भी जांच हो रही है। यह भी रिपोर्ट सामने आई है कि ओमान में उसे कट्टरपंथी विचारों को लेकर चिंता के कारण विमान उड़ाने से रोका गया था। हालांकि उसकी आधिकारिक पहचान और इन दावों की पूरी पुष्टि अभी बाकी है।

कई देशों की नजर, जांच में क्या निकलेगा?

अब UAE के साथ ऑस्ट्रेलिया और इजराइल के अधिकारी भी उसके संपर्कों और पृष्ठभूमि की पड़ताल कर रहे हैं। जांच एजेंसियां यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि उसका मकसद क्या था और वह फ्लाईदुबई की इस उड़ान के क्रू का हिस्सा कैसे बना। फिलहाल किसी भी कथित आतंकी कनेक्शन को अंतिम निष्कर्ष मानना जल्दबाजी होगी। जांच पूरी होने के बाद ही तस्वीर साफ होगी।

यह भी पढ़ें: Sri City Blast: जिस कंपनी का नाम खबरों में आया, उसने कहा- हमारी फैक्ट्री ही नहीं वहां!