Dwarka Murder Case: दिल्ली के द्वारका में अफेयर को लेकर विवाद के बाद पति पर पत्नी की चाकू से हत्या का आरोप है। वारदात के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने द्वारका सेक्टर-20 से गिरफ्तार किया।

दिल्ली के द्वारका इलाके में एक घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। कथित एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर को लेकर पत्नी ने पति से सवाल किया तो दोनों के बीच बहस बढ़ गई। पुलिस के मुताबिक, गुस्से में पति ने कसाई वाले चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पालम में हुई थी चाकूबाजी की वारदात

पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर की शाम करीब 4:49 बजे पालम की जेजे कॉलोनी में काली माता मंदिर के पास चाकूबाजी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को सोनिया (30) गंभीर हालत में मिलीं। उन्हें इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जांच में पुलिस को पता चला कि सोनिया ने अपने पति प्रदीप से कथित एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर को लेकर सवाल किया था। पुलिस के मुताबिक, इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ा और प्रदीप ने कथित तौर पर कसाई वाले चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया। महिला के सीने और गर्दन पर कई चोटें आईं।

यह भी पढ़ें: Muzaffarpur News: महिला को बाल पकड़कर घसीटा, जमीन पर पटका... पुलिस कार्रवाई का VIDEO वायरल

वारदात के बाद फरार था आरोपी

घटना के बाद प्रदीप मौके से फरार हो गया। चश्मदीद के बयान के आधार पर पालम गांव थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने आरोपी की तलाश के लिए तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस का सहारा लिया। पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर को उसके ठिकाने की जानकारी मिली और टीम ने उसे द्वारका के सेक्टर-20 इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

2017 में हुई थी शादी, दो बेटे हैं

पुलिस के अनुसार प्रदीप और सोनिया की शादी 2017 में हुई थी और उनके दो बेटे हैं। बताया गया है कि पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में तनाव था और कथित अफेयर के आरोपों को लेकर विवाद होते रहते थे। प्रदीप मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा का रहने वाला है और बिरयानी का छोटा स्टॉल चलाने के साथ ढोल बजाने का काम भी करता था।

हत्या की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। अब पुलिस कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए चाकू को बरामद करने और घटना की पूरी कड़ी स्पष्ट करने में जुटी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य साक्ष्यों को भी खंगाल रही है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस के नेहा बोरा को घसीटते ले जाने की 5 तस्वीरें, चेहरे पर मुस्कान बरकरार