Smit Machchhar Pilot: जानिए को पायलट द्वारा चाकू से हमले के बाद फ्लाईदुबई के पायलट स्मित मच्छार ने ऐसा क्या किया कि मोदी, नेतन्याहू और ट्रंप भी उनके मुरीद हो गए? जानिए 174 यात्रियों को बचाने की पूरी कहानी।
Smit Machchhar Hero: फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को जो हुआ, उसने कुछ ही मिनटों में एक सामान्य हवाई सफर को जिंदगी और मौत की लड़ाई में बदल दिया। दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान के कॉकपिट में कथित तौर पर को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने ऐसा फैसला लिया, जिसने विमान में सवार 174 लोगों तक मदद पहुंचने का रास्ता खोल दिया। जानिए उन्होंने क्या किया कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तक ने उनकी बहादुरी की तारीफ की है।
आखिर हमले के बाद कैप्टन मच्छार ने क्या किया?
यात्रियों और इजरायली अधिकारियों के मुताबिक, हमले में बुरी तरह घायल होने के बाद भी कैप्टन मच्छार ने मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे और उनके बाद वे बेहोश हो गए। इसके बाद यात्री और क्रू मेंबर अंदर पहुंच सके और हमलावर को काबू करने में मदद की। इजरायली यात्री यानिव हयून ने बताया कि मच्छार दरवाजे के बेहद करीब घायल हालत में पड़े थे, इसलिए दरवाजा खोलना आसान नहीं था। यही कदम इस पूरे घटनाक्रम में सबसे अहम माना जा रहा है। दरवाजा खुलने के बाद विमान में मौजूद दूसरे पायलटों और यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर स्थिति संभालने में मदद की।
ये भी पढ़ें- Smit Machchhar Education: टेक्सटाइल इंजीनियरिंग पढ़े, फिर कैसे बन गए पायलट? जानिए स्मित मच्छार का एजुकेशन और करियर
14 हजार फीट तक तेजी से नीचे आया विमान
घटना के दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक भारी गिरावट दर्ज की गई। फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, बोइंग 737 MAX 8 करीब 14,300 फीट नीचे आया। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया, जहां उसकी सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग हुई। विमान में मौजूद यात्रियों में किसी की मौत नहीं हुई।
कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार?
स्मित मच्छार भारतीय पायलट हैं और पहले स्पाइसजेट में काम कर चुके हैं। उपलब्ध प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने करीब 11 साल स्पाइसजेट में बिताए और नए पायलटों की ट्रेनिंग भी दी। उनके प्रोफाइल में बोइंग 737-800 और 737 MAX विमानों पर करीब 9,750 घंटे की उड़ान का अनुभव दर्ज है। वह जून 2022 से फ्लाईदुबई में कैप्टन हैं।
ये भी पढ़ें- इंडियन था इजरायल जा रही फ्लाइट का कैप्टन, चाकू का वार झेला और बचा ली 180 लोगों की जान
मोदी, नेतन्याहू और ट्रंप ने क्यों कहा 'हीरो'?
पीएम मोदी ने मच्छार को 'हीरो' बताते हुए कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए अदम्य साहस दिखाया। नेतन्याहू ने उनके कॉकपिट दरवाजा खोलने और यात्रियों को हमलावर पर काबू पाने में सक्षम बनाने की खास तौर पर तारीफ की। वहीं ट्रंप ने भी उन्हें 'हीरो' बताया। कैप्टन मच्छार फिलहाल सऊदी अरब के ताबुक के अस्पताल में इलाज करा रहे हैं और भारतीय दूतावास के मुताबिक उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
