Smit Machchhar Education Qualification and Career Journey: स्मित मच्छार ने क्या पढ़ाई की है? टेक्सटाइल इंजीनियरिंग से पायलट बनने तक का सफर कैसे तय किया, जानिए उनकी पढ़ाई और करियर की पूरी कहानी, Flydubai Pilot कैप्टन स्मित मच्छार के लाइफ की रोचक बातें।

Smit Machchhar Biography: दुबई से तेल अवीव जा रही flydubai की फ्लाइट में हुई खौफनाक घटना के बाद जिस भारतीय पायलट का नाम पूरी दुनिया में चर्चा में है, वह हैं कैप्टन स्मित मच्छार। उड़ान के दौरान कॉकपिट में उनके साथ मौजूद दूसरे पायलट ने कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने ऐसा कदम उठाया, जिससे यात्रियों और क्रू को कॉकपिट तक पहुंचने का मौका मिला। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया। विमान में 174 यात्री सवार थे। इस बीच जानिए कैप्टन स्मित मच्छार का एजुकेशन, अबतक का शानदार करियर और लाइफ की रोचक बातें।

कैप्टन स्मित मच्छार का बैकग्राउंड?

कैप्टन स्मित मच्छार एक कमर्शियल पायलट हैं, जिनका करियर टेक्सटाइल इंजीनियरिंग से शुरू होकर एविएशन तक पहुंचा। टेक्सटाइल बिजनेस से जुड़े परिवार से आने वाले स्मित ने 19 साल की उम्र में एक एविएशन सेमिनार में हिस्सा लिया, जिसके बाद उन्होंने पायलट बनने का फैसला किया। इसके बाद न्यूजीलैंड में पायलट ट्रेनिंग पूरी की और आगे चलकर बोइंग 737 फ्लीट पर 13 साल से ज्यादा का अनुभव हासिल किया।

कैप्टन स्मित मच्छार की एजुकेशन क्या है?

12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद स्मित मच्छार ने टेक्सटाइल इंजीनियरिंग कोर्स में दाखिला लिया। इसके बाद उन्होंने मैनेजमेंट की पढ़ाई भी की। हालांकि, एविएशन से जुड़ने के बाद उन्होंने न्यूजीलैंड का रुख किया और वहां पायलट ट्रेनिंग हासिल की। उस समय उनकी ट्रेनिंग पर करीब 16-17 लाख रुपये का खर्च आया था।

ये भी पढ़ें- इंडियन था इजरायल जा रही फ्लाइट का कैप्टन, चाकू का वार झेला और बचा ली 180 लोगों की जान

मुंबई से शुरू हुआ एविएशन का सफर

स्मित मच्छार मुंबई के घाटकोपर ईस्ट से हैं। उनका एविएशन करियर करीब डेढ़ दशक से ज्यादा लंबा है। उनके प्रोफेशनल प्रोफाइल के मुताबिक, उनके पास Boeing 737-800 और 737 MAX 8/9 विमानों पर करीब 9,750 घंटे की उड़ान का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर का बड़ा हिस्सा भारत की एयरलाइन SpiceJet के साथ बिताया। यहां करीब 11 साल काम करने के दौरान वह सीनियर कमांडर रहे और बाद में नवंबर 2020 में लाइन ट्रेनिंग कैप्टन की जिम्मेदारी संभाली। इस भूमिका में वह दूसरे पायलटों की ट्रेनिंग और असेसमेंट से भी जुड़े रहे।

2022 में flydubai से जुड़े, बने डायरेक्ट-एंट्री कैप्टन

जून 2022 में स्मित ने flydubai जॉइन की। उनकी प्रोफाइल के अनुसार उन्होंने यहां डायरेक्ट-एंट्री कैप्टन के तौर पर शुरुआत की। इसका मतलब है कि पहले से कैप्टन के तौर पर अनुभव रखने वाले पायलट को दूसरी एयरलाइन सीधे कैप्टन के पद पर नियुक्त कर सकती है। SpiceJet में उनके पास 6,400 से ज्यादा घंटे पायलट-इन-कमांड के तौर पर उड़ान भरने का अनुभव भी दर्ज है।

ये भी पढ़ें- Flydubai Pilot VIDEO: भारतीय पायलट की दिलेरी पर विदेशी हुए फिदा, नेतन्याहू ने दी शानदार सलामी!

कॉकपिट में हमले के बाद भी नहीं हारी हिम्मत

30 सितंबर को फ्लाइट FZ1073 में कॉकपिट के भीतर दोनों पायलटों के बीच संघर्ष की स्थिति बनी। रिपोर्टों के मुताबिक विमान कुछ ही समय में हजारों फीट नीचे चला गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू के कुछ सदस्यों ने अंदर पहुंचकर हमलावर पायलट को काबू किया। विमान को बाद में सऊदी अरब के तबुक में उतारा गया।

मोदी, नेतन्याहू ने ही नहीं ट्रंप ने भी की तारीफ, बताया- रियल हीरो

घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने स्मित के साहस की सार्वजनिक रूप से सराहना की। स्मित का इलाज तबुक में किया गया और रिपोर्टों के अनुसार सर्जरी के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई है।