गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक 594 किमी लंबा हाई-स्पीड प्रोजेक्ट है, जो 12 जिलों को जोड़ेगा। इससे यात्रा समय कम होगा, किसानों को बेहतर बाजार मिलेगा, व्यापार बढ़ेगा और यूपी की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
Ganga Expressway: गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश का एक बड़ा और महत्वाकांक्षी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है, जो राज्य के पश्चिमी हिस्से को पूर्वी हिस्से से तेज रफ्तार सड़क के जरिए जोड़ेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार 29 अप्रैल को इसका उद्घाटन करने जा रहे हैं। लगभग 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मेरठ से शुरू होकर प्रयागराज तक जाएगा और रास्ते में यूपी के 12 जिलों और सैकड़ों गांव को कनेक्ट करेगा। इस एक्सप्रेसवे के बनने से मेरठ से प्रयागराज की यात्रा अब सिर्फ 6–7 घंटे में पूरी हो सकेगी, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। यह एक्सप्रेसवे यात्रियों को हाई-स्पीड और स्मूद यात्रा का अनुभव देगा।
किन जिलों को मिलेगा फायदा
यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के 12 प्रमुख जिलों से होकर गुजरेगा। इनमें मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज। इस तरह यह एक्सप्रेसवे पूरे राज्य को एक मजबूत कनेक्टिविटी देगा। यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक 12 जिलों के 519 गांवों को जोड़ेगा।

मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे : किस खंड में कितनी लंबाई
बिजौली (मेरठ) से चांदनेर (हापुड़) 48.9 किमी, चांदनेर (हापुड़) से मिर्जापुर डूंगल (अमरोहा) 30 किमी, मिर्जापुर डूंगल (अमरोहा) से नगला बरहा (बदायूं) 50.7 किमी,नगला बरहा (बदायूं) से बिनावर (बदायूं) 52.1 किमी, बिनावर (बदायूं) से दरी गुलऊ (शाहजहांपुर) 46.7 किमी, दरी गुलऊ (शाहजहांपुर) से उबरिया खुर्द (हरदोई) 52.9 किमी है।
दिल्ली से गंगा एक्सप्रेसवे कैसे पहुंचें
गंगा एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के लिए दिल्ली से यात्रियों को मेरठ के बिजौली गांव तक पहुंचना होगा। यही इस एक्सप्रेसवे का प्रमुख एंट्री पॉइंट है। दिल्ली से बिजौली गांव की दूरी अलग-अलग रूट के अनुसार करीब 80 से 90 किलोमीटर है, जिसे आप करीब 1.5 घंटे में तय कर सकते हैं।
नोएडा से गंगा एक्सप्रेसवे पहुंचने का रूट
अगर आप नोएडा सेक्टर 15 या फिल्म सिटी की तरफ से आ रहे हैं, तो आपको यह रूट अपनाना होगा। यह रूट सबसे सीधा और सुविधाजनक माना जाता है।
- सेक्टर 62 से होकर जाएं
- दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पकड़ें
- मेरठ के बिजौली गांव तक सीधे पहुंचें
- कुल दूरी करीब 82 किमी
- समय लगभग 1 घंटा 30 मिनट
दिल्ली के इंडिया गेट से गंगा एक्सप्रेसवे का रूट
अगर आप इंडिया गेट या सेंट्रल दिल्ली की तरफ से आ रहे हैं, तो यह रूट अपनाएं। यह रूट आसान होने के साथ ही अच्छी सड़क कनेक्टिविटी देता है।
- सबसे पहले मेरठ एक्सप्रेसवे लें
- NH 9 और NH 34 से गुजरें
- बिजौली एंट्री पॉइंट तक पहुंचें
- कुल दूरी: लगभग 88 किमी
- समय: करीब 1.5 घंटे

किसानों के लिए बड़ा फायदा
यह एक्सप्रेसवे किसानों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा। फसल जल्दी बाजार तक पहुंचेगी। ट्रांसपोर्ट लागत कम होगी। किसानों को बेहतर कीमत मिलने की संभावना बढ़ेगी। उदाहरण के तौर पर अमरोहा के आम, प्रतापगढ़ का आंवला, प्रयागराज का अमरूद। इन उत्पादों को नए और बड़े बाजार मिलेंगे।
उद्योग और रोजगार के अवसर
गंगा एक्सप्रेसवे को सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जा रहा है। रास्ते में औद्योगिक क्लस्टर बनेंगे, नई फैक्ट्रियां और बिजनेस शुरू होंगे, हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। यह प्रोजेक्ट रोजगार बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।
व्यापार और लॉजिस्टिक्स को बढ़ावा
- माल ढुलाई तेज और सस्ती होगी
- ट्रक हाई-स्पीड रोड से सीधे सफर कर सकेंगे
- दिल्ली/NCR से पूर्वी यूपी की दूरी कम होगी
- इससे व्यापार और सप्लाई चेन मजबूत होगी।

टूरिज्म में आएगी तेजी
- प्रयागराज जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो जाएगी।
- पर्यटन में वृद्धि होगी
- होटल और सर्विस सेक्टर को फायदा मिलेगा
- कुंभ जैसे बड़े आयोजनों में सुविधा बढ़ेगी
समय और ईंधन की बचत
- यात्रा का समय काफी कम होगा
- ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी
- पेट्रोल और डीजल की बचत होगी
- इससे आम लोगों का खर्च भी घटेगा।
यूपी की अर्थव्यवस्था पर असर
गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा। इससे निवेश बढ़ने के साथ ही रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, गांव और शहर बेहतर तरीके से जुड़ेंगे, रियल एस्टेट की कीमत बढ़ेगी, राज्य की GDP में वृद्धि होगी।
भविष्य की योजनाएं
इस एक्सप्रेसवे को आगे हरिद्वार और बलिया तक बढ़ाने की योजना है, जिससे यह और बड़ा नेटवर्क बन सकता है। यह किसानों, व्यापारियों, उद्योगों और आम जनता सभी के लिए फायदेमंद साबित होगा। यह एक्सप्रेस-वे यूपी की अर्थव्यवस्था को तेज रफ्तार देने वाला इंजन है।


