गोवा में 45 वर्षीय विदेशी महिला से रेप के आरोप में एक व्यक्ति पर एफआईआर दर्ज हुई है। दोनों सोशल मीडिया के जरिए मिले थे। इस घटना ने महिला सुरक्षा पर चिंता बढ़ा दी है। 2021 से 2025 के बीच गोवा में ऐसे 922 मामले दर्ज हुए हैं।
गोवा पुलिस ने मांद्रेम गांव में एक 45 साल की विदेशी महिला टूरिस्ट से रेप के आरोप में एक शख्स पर एफआईआर दर्ज की है। इस घटना ने गोवा जैसी मशहूर जगह पर महिलाओं की सुरक्षा पर फिर से चिंता बढ़ा दी है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की आरोपी से सोशल मीडिया पर बातचीत शुरू हुई थी और फिर दोनों ने गोवा में मिलने का प्लान बनाया।
यह महिला मूल रूप से यूरोप की रहने वाली है और तलाकशुदा है। बाद में उसने किसी दूसरे देश की नागरिकता ले ली थी। वह अगस्त में नई दिल्ली आई थी और फिर वहां से गोवा चली गई, जहां वह मांद्रेम में रुकी हुई थी। अपनी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह आरोपी से एक बीच पर मिली थी। इसके बाद दोनों एक कमरे में गए, जहां उन्होंने शराब पी। पुलिस का कहना है कि महिला नशे में थी और जब आरोपी ने उसके साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया, तो वह विरोध नहीं कर पाई। शुरुआत में यह मामला मांद्रेम पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था। लेकिन, लोकल पुलिस और पीड़िता के बीच सही से तालमेल न होने की वजह से केस को पणजी के महिला पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर कर दिया गया।
गोवा में पांच साल के अंदर रेप और यौन उत्पीड़न के 922 केस
यह मामला ऐसे वक्त में सामने आया है जब गोवा में महिलाओं के खिलाफ अपराध के आंकड़े डराने वाले हैं। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में हर हफ्ते औसतन चार महिलाओं के साथ रेप या यौन उत्पीड़न होता है। साल 2021 से 2025 के बीच, राज्य में 5 से 70 साल की उम्र की कुल 922 महिलाओं के साथ रेप या यौन उत्पीड़न की घटनाएं दर्ज की गई हैं।






