Gorakhpur Girls Hostel Camera Case: गोरखपुर के गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में छिपा मोबाइल कैमरा मिलने से हड़कंप मच गया। कई छात्राओं की रिकॉर्डिंग मिलने के मामले में पुलिस ने वार्डेन के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।

गोरखपुर के मोहद्दीपुर स्थित गर्ल्स हॉस्टल में बाथरूम के अंदर मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्डिंग का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। छात्रा की नजर टीन शेड में छिपाए गए उस मोबाइल पर पड़ी, जिसका कैमरा बाथरूम की ओर था। फोन की जांच में कई छात्राओं की रिकॉर्डिंग मिलने की बात सामने आई है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

टॉयलेट की तरफ था मोबाइल का कैमरा, छात्रा ने बनाया वीडियो

मामला मंगलवार देर रात का है। हॉस्टल की एक छात्रा बाथरूम गई थी। इसी दौरान उसकी नजर टीन शेड में रखे मोबाइल फोन पर पड़ी। कैमरा ऑन था और उसका रुख टॉयलेट की तरफ था। छात्रा ने पहले अपने फोन से इसका वीडियो बनाया और फिर अन्य छात्राओं को जानकारी दी। छात्राओं ने मोबाइल चेक किया तो उसमें बाथरूम में कई लड़कियों की रिकॉर्डिंग मिली। इसके बाद एक छात्रा ने डायल 112 पर सूचना दी। रात करीब 12 बजे पीआरवी और कैंट थाना पुलिस हॉस्टल पहुंची और मोबाइल कब्जे में ले लिया।

यह भी पढ़ें: मुरादाबाद से अलीगढ़ सिर्फ 2 घंटे! नया 4-लेन हाईवे बदलेगा सफर का पूरा गणित, आगरा भी 3 घंटे

वार्डेन ने बताई रिकॉर्डिंग की वजह, पुलिस कर रही जांच

पूछताछ में महिला वार्डेन ने पुलिस को बताया कि बाथरूम में सैनिटरी पैड के लिए डस्टबिन रखा गया था, लेकिन कुछ छात्राएं पैड इधर-उधर फेंक देती थीं। इसी समस्या का पता लगाने के लिए उन्होंने रात करीब 10 बजे मोबाइल को रिकॉर्डिंग मोड पर रखे जाने की बात कही। वार्डेन ने यह भी कहा कि हॉस्टल की सुरक्षा के लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और उनकी कोई गलत मंशा नहीं थी। हालांकि, बाथरूम में मोबाइल रखकर रिकॉर्डिंग किए जाने के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

पीड़िता की तहरीर पर वार्डेन के खिलाफ कार्रवाई

एसपी निमिष पाटिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर महिला वार्डेन के खिलाफ अग्रिम एवं विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मोबाइल और उसमें मौजूद रिकॉर्डिंग समेत अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

कुछ वीडियो वायरल होने की बात भी सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रिकॉर्डिंग किस उद्देश्य से की गई और क्या उसे किसी के साथ साझा किया गया। हॉस्टल के मकान मालिक से भी पूछताछ की गई है।

यह भी पढ़ें: BRICS Summit 2026: PM मोदी ने कहा ‘All Set’, अब सात साल बाद होने जा रहा है ये बड़ा मिलन