Gorakhpur News: गोरखपुर के प्ले-वे स्कूल में तीन साल के बच्चे से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पिता ने CCTV फुटेज का हवाला देकर शिक्षिका पर आरोप लगाए और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
गोरखपुर में एक प्ले-वे स्कूल में तीन साल के बच्चे के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल की शिक्षिका ने मासूम को थप्पड़ मारा और उसके सिर को नाखून से नोचा। पिता का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में भी शिक्षिका की कथित हरकतें दिखाई दीं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्कूल का नाम सुनते ही रोने लगा मासूम, परिजनों को हुआ शक
मामला शाहपुर थाना क्षेत्र की गोविंदपुरी कॉलोनी का है। यहां रहने वाले अतुल सिंह ने जुलाई में अपने तीन साल के छोटे बेटे का पास के एक प्ले-वे स्कूल में दाखिला कराया था। परिजनों के मुताबिक, दाखिले के बाद से ही बच्चा स्कूल जाने के नाम पर रोने लगता था, लेकिन शुरुआत में वे इसकी वजह नहीं समझ पाए।
चार दिन पहले स्कूल से पिता के पास वीडियो कॉल आया। आरोप है कि उस दौरान बच्चा कांपते हुए रो रहा था और शिक्षिका ने बताया कि वह खाना नहीं खा रहा है। पिता का दावा है कि बच्चे के मुंह में जबरन रोटी ठूंसने की कोशिश की गई। जानकारी मिलने पर परिजन उसे स्कूल से घर ले आए।
यह भी पढ़ें: तुलजापुर दर्शन के लिए निकला परिवार, रास्ते में मौत का तांडव! महाराष्ट्र में 5 की मौत
CCTV फुटेज देखकर पिता ने लगाए गंभीर आरोप
बच्चे की मां सालवी सिंह के मुताबिक, घर लौटने के बाद मासूम ने शिक्षिका की ओर से पिटाई किए जाने की बात बताई। उसके सिर पर नाखून से नोचने के निशान भी दिखाई दिए। मां का कहना है कि अब बच्चा स्कूल का नाम सुनते ही चीखने लगता है। पिता अतुल सिंह का दावा है कि अगले दिन स्कूल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज देखने पर शिक्षिका बच्चे को थप्पड़ मारती और सिर नोचती दिखाई दीं। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से एक महीने का फुटेज मांगा। आरोप है कि इस मांग पर प्रिंसिपल ने नाराजगी जताई और फुटेज देने से इनकार कर दिया।
पुलिस से शिकायत, दूसरे बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल
परिजनों ने शनिवार को शाहपुर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पिता ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज जल्द अपने कब्जे में लेने की अपील की है। उन्हें आशंका है कि देरी होने पर सबूतों से छेड़छाड़ हो सकती है। परिजनों ने संबंधित शिक्षिका पर दूसरे बच्चों के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। शाहपुर थाना प्रभारी अंजय सिंह के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें: 'बेहद घटिया...', न्यूज चैनल ने नेहा सिंह राठौर को बताया 'कॉल गर्ल' तो भड़क उठीं कंगना रनौत!






