Viral Video Himachal Pradesh Homestay: क्या मेहमान पहाड़ों पर होमस्टे में छुट्टियां मनाने के बाद होस्ट की मेहनत और सपनों की कद्र करते हैं? आखिर 100 साल पुराने हिमाचल के हेरिटेज होमस्टे का ऐसा हाल किसने किया? क्यों वायरल हो रहा है टूटा सामान, शराब की बोतलों और गंदगी से भरा यह वीडियो? देखिए।

Viral Video Himachal Pradesh Homestay Misconduct: पहाड़ों में अपना होमस्टे चलाना कई लोगों का सपना होता है, लेकिन इसके पीछे की चुनौतियां अक्सर लोगों की नजरों से दूर रहती हैं। हिमाचल प्रदेश के एक हेरिटेज होमस्टे की मालकिन ने हाल ही में ऐसा ही एक वीडियो शेयर किया, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। हिमाचल में स्थित निरवाना होम्स रारटा की संचालिका तराना चौहान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर बताया कि कुछ मेहमानों के जाने के बाद उनके होमस्टे की हालत कैसी हो गई। वीडियो में टूटे हुए सजावटी सामान, बिखरा कचरा और गंदे कमरे दिखाई दे रहे हैं। नीचे देखें वायरल वीडियो-

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

View post on Instagram

100 साल पुराने घर को बनाया था खूबसूरत होमस्टे

तराना चौहान के अनुसार यह कोई साधारण प्रॉपर्टी नहीं, बल्कि उनके परिवार का करीब 100 साल पुराना विरासत वाला घर है। उन्होंने अपनी नौकरी छोड़कर इस पुराने घर को एक खूबसूरत होमस्टे में बदला था। उन्होंने बताया कि घर के हर कमरे और सजावट को बड़ी मेहनत और प्यार से तैयार किया गया है। पुराने फर्नीचर और पारंपरिक वास्तुकला को संभालते हुए इस जगह को पर्यटकों के लिए खास बनाया गया था।

कमरों में मिले दाग, टूटा सामान और शराब की खाली बोतलें

वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ मेहमानों के जाने के बाद कमरों में काफी अव्यवस्था फैली हुई थी। बिस्तरों पर मिट्टी और दाग दिखाई दिए, कई सजावटी वस्तुएं टूट चुकी थीं और जगह-जगह शराब की खाली बोतलें पड़ी थीं। होमस्टे मालिक का कहना है कि ऐसे हालात सिर्फ आर्थिक नुकसान नहीं पहुंचाते, बल्कि उस मेहनत और भावनात्मक जुड़ाव को भी चोट पहुंचाते हैं जो किसी व्यक्ति ने अपने सपनों को साकार करने में लगाया होता है।

‘होमस्टे को होटल नहीं, घर समझकर रहें’

तराना ने अपने पोस्ट में लोगों से अपील की कि जब भी वे किसी होमस्टे, हेरिटेज प्रॉपर्टी या किसी के घर में ठहरें तो उसका सम्मान करें। उन्होंने कहा कि होस्टिंग केवल कमरे किराए पर देना नहीं है, बल्कि लगातार देखभाल, मरम्मत और संरक्षण का काम भी है।

वीडियो पर लोगों ने जताई चिंता

यह वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने होमस्टे मालिक का समर्थन किया। कुछ यूजर्स ने कहा कि होमस्टे और होटल के बीच का अंतर समझना जरूरी है। वहीं कई लोगों का मानना था कि मेहमानों से नुकसान की भरपाई के लिए सख्त नियम बनाए जाने चाहिए। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि पर्यटन का आनंद लेते समय क्या हम उन जगहों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, जहां हमें मेहमान बनकर ठहरने का मौका मिलता है।