गुवाहाटी के खानापारा स्थित नाइटक्लब के बाहर महिला से मारपीट और बदसलूकी का VIDEO वायरल है। महिला के कपड़े उतारने और बाउंसरों पर मारपीट के आरोप हैं। पुलिस ने क्लब मैनेजर को हिरासत में लिया है और जांच जारी है।
Guwahati Crime: असम के गुवाहाटी से एक बेहद डरावनी और शर्मनाक खबर सामने आ रही है। यहां के खानापारा इलाके में स्थित 'द लोकल्स कैफे एंड लाउंज' नाम के एक नाइटक्लब में एक महिला के साथ ऐसी हैवानियत हुई कि इंसानियत कांप उठे। क्लब के बाउंसरों पर आरोप है कि उन्होंने विवाद के बाद महिला को बेरहमी से पीटा और उसके ऊपरी शरीर के कपड़े तक उतार दिए। इस खौफनाक घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसके बाद हड़कंप मच गया है।
गुवाहाटी नाइटक्लब में महिला से बदसलूकी और मारपीट
सामने आई जानकारी के मुताबिक, यह घटना गुरुवार देर रात की है। सुरक्षा गार्ड ने बताया कि महिला अपने दोस्तों के साथ क्लब में आई थी। अंदर किसी बात पर उसकी बाउंसरों से कहासुनी हो गई और उसने कथित तौर पर एक बाउंसर को बीयर की बोतल से मार दिया। इसके बाद बात इतनी बढ़ गई कि बाउंसर उसे घसीटते हुए चौथी मंजिल से नीचे पार्किंग एरिया में ले आए। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पार्किंग के फर्श पर महिला बिना कपड़ों के बेबस पड़ी है और दो महिलाएं उसे लात मार रही हैं, जबकि आसपास कई लोग तमाशबीन बनकर खड़े हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन में पुलिस और मैनेजर हिरासत में
घटनास्थल का एक और वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें एक शख्स महिला को फर्श से उठाकर गोद में ले जाते हुए नजर आ रहा है। इसके बाद एक कार सामने आ जाती है और दृश्य छिप जाता है। जब इस मामले की भनक मीडिया और पुलिस को लगी, तो ईस्ट गुवाहाटी के डीसीपी तबु राम पेगू तुरंत हरकत में आए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्लब के मैनेजर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर घटना के बाद से पीड़ित महिला की अभी तक कोई पहचान नहीं हो पाई है और न ही उसने कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। डीसीपी का कहना है कि अगर महिला आगे आकर शिकायत नहीं करती है, तो पुलिस खुद अपनी तरफ से इस मामले में एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। घटना के बाद से यह नाइटक्लब पूरी तरह बंद है और मैनेजमेंट ने इस पर चुप्पी साध रखी है।


