हर्ष गोयनका ने सेंसर पहने एक नाई का वीडियो शेयर किया, जिसका डेटा AI रोबोट्स को शेविंग सिखाने के काम आएगा। इससे नाई की नौकरी छिनने की बहस छिड़ गई है। लोगों ने रोबोट्स पर अविश्वास और रोजगार जाने की चिंता जताई है।
सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, कस्टमर सर्विस और फैक्ट्री के कामों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पहले ही बड़े बदलाव ला चुका है। लेकिन क्या अब नाई (बार्बर) जैसी नौकरियां भी AI के खतरे में हैं? मशहूर उद्योगपति हर्ष गोयनका ने यह नया सवाल खड़ा कर दिया है।
आरपीजी ग्रुप के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (ट्विटर) पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसने इस बहस को तेज कर दिया है। इस वीडियो में एक नाई ग्राहक की शेविंग कर रहा है, लेकिन उसने कुछ खास उपकरण पहने हुए हैं जो उसके हर मूवमेंट को रिकॉर्ड कर रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि नाई ने सिर पर कैमरा, तारों और सेंसर से जुड़ा एक बॉडी हार्नेस और कलाइयों पर ट्रैकिंग डिवाइस पहन रखा है।
शेविंग के दौरान क्रीम लगाने का तरीका, हाथों का मूवमेंट और उस्तरा या कैंची पकड़ने का अंदाज—ये उपकरण हर छोटी-बड़ी डिटेल को बारीकी से रिकॉर्ड कर रहे हैं। माना जा रहा है कि इस तरह के सेशन से जो डेटा इकट्ठा होगा, उसका इस्तेमाल भविष्य में AI या रोबोट्स को बाल काटने और शेविंग करने की ट्रेनिंग देने के लिए किया जा सकता है।
गोयनका का यह पोस्ट वायरल होते ही इंटरनेट पर लोगों ने तरह-तरह के कमेंट्स करने शुरू कर दिए। कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि अगर रोबोट आ गए, तो सैलून में मिलने वाला देसी मजा और गपशप खत्म हो जाएगी। वहीं, कई लोगों ने चेहरे के पास धारदार उस्तरा चलाने वाले रोबोट्स पर भरोसा करने को लेकर डर जताया। एक यूजर ने लिखा, 'टेक्नोलॉजी चाहे कितनी भी एडवांस हो जाए, मैं सॉफ्टवेयर अपडेट वाले रोबोट के बजाय कांपते हाथों वाले इंसान पर ज्यादा भरोसा करूंगा।' इसके अलावा, कई लोगों ने इंसानों की नौकरियां छिनने की संभावना पर गहरी चिंता भी जताई है।
