Abhishek Banerjee Property Case: कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद सियासी हलचल तेज हो गई। KMC ने बनर्जी परिवार से जुड़ी कथित 17 संपत्तियों पर अवैध निर्माण को लेकर नोटिस जारी किए हैं। जानिए पूरा मामला।
KMC Notice Controversy: कोलकाता में सोमवार को उस समय सियासी हलचल तेज हो गई, जब अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी देखी गई। इलाके में अचानक बढ़ी पुलिस तैनाती के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, पुलिस बल की मौजूदगी की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब हाल ही में कोलकाता नगर निगम यानी KMC ने कथित अवैध निर्माण को लेकर कई संपत्तियों पर नोटिस जारी किए थे। इन संपत्तियों को अभिषेक बनर्जी और उनके परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है।

KMC की जांच के दायरे में 17 संपत्तियां
रिपोर्ट्स के मुताबिक, KMC अधिकारियों ने अभिषेक बनर्जी से कथित तौर पर जुड़ी 17 संपत्तियों की जांच शुरू की है। इन संपत्तियों में अवैध निर्माण या नियमों के उल्लंघन की आशंका को लेकर नोटिस जारी किए गए हैं। कई जगहों पर नोटिस की कॉपी संपत्तियों के बाहर चस्पा भी की गई। जिन संपत्तियों की जांच हो रही है, उनमें से दो प्रमुख पते कोलकाता के हरिश मुखर्जी रोड और कालीघाट रोड पर बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: ऑन ड्यूटी शराब पार्टी! बिहार में शराबबंदी के बीच पुलिसवालों का VIDEO हुआ वायरल
परिवार से जुड़ी कंपनियों और संपत्तियों पर भी नोटिस
हरिश मुखर्जी रोड स्थित संपत्ति के मामले में नोटिस कथित तौर पर ‘लीप्स एंड बाउंड्स प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम जारी किया गया है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह कंपनी बनर्जी परिवार के सदस्यों से जुड़ी हुई है। वहीं, कालीघाट रोड स्थित संपत्ति को लेकर नोटिस अभिषेक बनर्जी की मां लता बनर्जी के नाम जारी किए जाने की बात कही जा रही है। दोनों संपत्तियां पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के पास बताई जा रही हैं।
फिर गरमाई बंगाल की सियासत
KMC नोटिस के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) पहले भी बनर्जी परिवार से कथित तौर पर जुड़ी संपत्तियों को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। विपक्ष लगातार आरोप लगाता रहा है कि सत्ता में रहते हुए परिवार से जुड़े लोगों की संपत्तियों में तेजी से बढ़ोतरी हुई। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस इन आरोपों को राजनीतिक साजिश बताती रही है।
ममता बनर्जी पहले भी बता चुकी हैं राजनीतिक साजिश
ममता बनर्जी पहले कई मौकों पर इन आरोपों को खारिज कर चुकी हैं। उनका कहना रहा है कि विपक्ष उनकी छवि और परिवार को बदनाम करने के लिए इस तरह के मुद्दे उठाता है। तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि विपक्ष के पास कोई ठोस सबूत नहीं है और राजनीतिक लाभ के लिए पुराने आरोपों को बार-बार उछाला जाता है।
पुलिस तैनाती को लेकर बना हुआ है सस्पेंस
फिलहाल अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किए जाने की वजह को लेकर आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। इसी कारण राजनीतिक चर्चाओं और अटकलों का दौर जारी है। विशेषज्ञों का मानना है कि KMC नोटिस और पुलिस की मौजूदगी ने इस पूरे मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर बंगाल की राजनीति और गरमा सकती है।
यह भी पढ़ें: Petrol-Diesel सस्ता क्यों नहीं कर रही सरकार? पहली बार खुलकर बोलीं निर्मला सीतारमण!
