चीन में एक फ्लैट से 309 अजगर मिले। पुलिस को घर के ज़्यादा बिजली बिल से शक हुआ। जांच में अवैध रूप से अजगर पालने और बेचने का खुलासा हुआ। इस मामले में कुल 436 अजगर जब्त किए गए।

सोचिए, आपका कोई पड़ोसी सामान्य ज़िंदगी जी रहा हो, लेकिन उसके घर के अंदर सैकड़ों अजगर पल रहे हों। आपको इस बात की भनक तक न लगे और बाहर से सब कुछ नॉर्मल दिखे। ये किसी फिल्म की कहानी जैसा लगता है, है न? लेकिन चीन में ठीक ऐसा ही हुआ है। एक फ्लैट के अंदर से 309 अजगर मिले हैं। और सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि इन अजगरों का पता घर के ज़्यादा बिजली बिल की वजह से चला!

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ये पूरा मामला चीन के झेजियांग प्रांत के ताइझोउ शहर का है। चलिए आपको पूरी कहानी बताते हैं। इसकी शुरुआत तब हुई, जब एक बुजुर्ग आदमी ने पहाड़ी के पास एक बड़े सांप को देखा। उसके रंग और आकार को देखकर उन्हें शक हुआ कि यह उस इलाके में पाया जाने वाला कोई आम सांप नहीं है। उन्होंने फौरन स्थानीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। जब वन्यजीव अधिकारियों ने सांप की जांच की, तो पता चला कि वह एक अजगर है। एक्सपर्ट्स ने बताया कि ये प्रजाति इस इलाके की है ही नहीं। साथ ही, मार्च के महीने में सांप आमतौर पर बाहर एक्टिव नहीं होते। इसलिए, अधिकारियों को शक हुआ कि यह किसी के घर या फार्म से भागकर आया है।

ऐसे शुरू हुई दिलचस्प जांच

असली कहानी तो अब शुरू होती है। पुलिस ने पेशेवर सांप पालने वालों से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि अजगरों को ज़िंदा रहने के लिए लगातार गर्म और नमी वाले माहौल की ज़रूरत होती है। इसके लिए करीब 20 से 30 डिग्री सेल्सियस का तापमान बनाए रखना पड़ता है, जिससे बिजली की खपत सामान्य घर से कहीं ज़्यादा होती है।

इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने उस इलाके के घरों के बिजली इस्तेमाल के रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए। जांच के दौरान, अधिकारियों की नज़र गुओ नाम के एक व्यक्ति के फ्लैट पर पड़ी। गुओ अकेला रहता था, शादीशुदा नहीं था और उसके पास कोई रेगुलर नौकरी भी नहीं थी। इसके बावजूद, उसके घर का बिजली बिल बहुत ज़्यादा था।

जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को एक और सुराग मिला। डि नाम का एक व्यक्ति अक्सर गुओ के घर आता-जाता था। वह नियमित रूप से एक कूरियर सेंटर से पार्सल भी लेता था। और जांच करने पर पता चला कि इन पार्सलों में ऑनलाइन खरीदे गए सफेद चूहे होते थे। चूहे बेचने वालों ने बताया कि इन चूहों को अक्सर पालतू सांपों को खिलाने के लिए खरीदा जाता है।

इसी बीच, पुलिस ने गुओ के सोशल मीडिया अकाउंट्स भी खंगाल डाले। वह अक्सर सांपों की तस्वीरें शेयर करता था। कुछ पोस्ट में उसने अजगर बेचने के संकेत भी दिए थे। जांच में यह भी पता चला कि डि ने दो अजगर किसी दूसरे व्यक्ति को करीब 1,000 युआन में बेचे थे।

फ्लैट खोलते ही उड़ गए होश

अब तक पुलिस को यकीन हो गया था कि यह मामला अवैध रूप से सांप पालने और बेचने से जुड़ा है। जब पुलिस की टीम गुओ के फ्लैट पर पहुंची और दरवाजा खोला, तो अंदर का नज़ारा देखकर अधिकारियों के होश उड़ गए।

पूरा फ्लैट अजगरों से भरा हुआ था। एक कमरे में गुओ का निजी सामान था, जबकि बाकी दो बेडरूम और लिविंग रूम को सांपों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। कमरों में सैकड़ों प्लास्टिक के डिब्बे एक के ऊपर एक रखे थे, और हर डिब्बे में एक या एक से ज़्यादा अजगर थे। गिनती पूरी होने पर, अधिकारियों ने कुल 309 अजगर ज़ब्त किए। इन सभी अजगरों को बाद में सुरक्षित रूप से स्थानीय चिड़ियाघर में भेज दिया गया। गुओ के पड़ोसियों को भी इस बात का अंदाज़ा नहीं था कि उनके बगल वाले फ्लैट में 300 से ज़्यादा सांप रखे हुए हैं।

पूछताछ में गुओ ने बताया कि उसे बचपन से ही सांपों का शौक था। उसने 2014 में चार अजगर खरीदे थे और लगातार उनकी ब्रीडिंग करा रहा था। जांच में पता चला कि गुओ और उसके साथी डि ने करीब 80 अजगर बेच दिए थे। पुलिस ने उस दुकानदार डेंग को भी गिरफ्तार कर लिया, जिसने 2014 में गुओ को पहले चार अजगर बेचे थे। डेंग के घर से भी 47 अजगर बरामद हुए।

इस पूरे मामले में कुल 436 अजगर ज़ब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 30 मिलियन युआन (भारतीय करेंसी में करोड़ों रुपये) से ज़्यादा है। चीन के कानून के मुताबिक, अजगर संरक्षित वन्यजीव हैं। उन्हें खरीदने, बेचने, पालने या ट्रांसपोर्ट करने के लिए सरकारी परमिट की ज़रूरत होती है। बिना इजाज़त ऐसा करने पर जेल की सज़ा हो सकती है।